
मुंबई। देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार फिर डरावनी हो रही है। तेजी से बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर सोमवार से दिल्ली और मुंबई के बीच हवाई सेवाएं रोकी जा सकती हैं। ट्रेनें बंद करने का फैसला भी लिया जा सकता है। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी मिली है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को सीएम उद्धव ठाकरे ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोरोना को लेकर अधिकारियों से चर्चा की है। इसी में ट्रेन और प्लेन सर्विसेज रोकने का प्रस्ताव आया है। चर्चा यह भी है कि सीएम इसको लेकर जल्द ही कैबिनेट की बैठक बुला सकते हैं।
दिल्ली और मुंबई के बीच चल रही हैं 5 ट्रेनें
अभी मुंबई से दिल्ली के बीच सेंट्रल रेलवे की एक और वेस्टर्न रेलवे की पांच ट्रेनें चल रही हैं। सेंट्रल रेलवे के पीआरपी एसके जैन ने बताया कि अभी उनके पास इस तरह की कोई जानकारी आधिकारिक रूप से नहीं आई है।

मुंबई में 31 दिसंबर तक बंद रहेंगे स्कूल
मुंबई में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बीएमसी ने स्कूलों को 31 दिसंबर तक बंद रखने का फैसला किया है। माना जा रहा है कि यही मॉडल पूरे राज्य में जल्द लागू हो सकता है। मुंबई में 9वीं से 12वीं तक के स्कूल 31 दिसंबर तक बंद रहेंगे। बीएमसी जल्द इसको लेकर आदेश जारी करेगा। पहले 23 नवंबर से बीएमसी के अंतर्गत आने वाले स्कूलों को खोलने का आदेश दिया गया था।