आकाश चोपड़ा ने सीएसके को दिया सुझाव, कहा-अगले मेगा ऑक्शन में धोनी को रिटेन नहीं करना चाहिए

नई दिल्ली। पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने कहा है कि चेन्नई सुपर किंग्स को अगले मेगा ऑक्शन में महेंद्र सिंह धोनी को रिटेन नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा, अगर 2021 में आईपीएल के लिए मेगा ऑक्शन होता है, तो सीएसके को दूसरे प्रतिभावान खिलाडिय़ों को ढूंढना चाहिए। अगर टीम धोनी को चुनती है, तो वे 15 करोड़ रुपए गंवा देंगे। धोनी को राइट टू मैच कार्ड से टीम धोनी को वापस ले सकती है।

चेन्नई सुपर किंग्स को धोनी को रिलीज करना चाहिए

आकाश चोपड़ा ने कहा की चेन्नई फ्रेंचाइजी को धोनी को रिलीज करना चाहिए और वापस ऑक्शन के पूल में डालना चाहिए। उन्होंने कहा, सीएसके मेगा ऑक्शन में धोनी को डाले। अगर मेगा ऑक्शन होता है, तो आपको उस खिलाड़ी के साथ 3 साल रहना होगा, पर क्या धोनी 3 साल खेल सकेंगे? मैं ये नहीं कह रहा कि आप धोनी को टीम में न रखें। वे जरूर अगला आईपीएल खेलेंगे, लेकिन रिटेन करने से आपको उन्हें 15 करोड़ रुपए देने होंगे।

मेगा ऑक्शन में 15 करोड़ रुपए का सही खिलाड़ी ढूंढ़े सीएसके

आकाश चोपड़ा ने कहा, अगर धोनी सिर्फ 2021 का सीजन खेलते हैं और 2022 नहीं खेल पाते हैं, तो फ्रेंचाइजी को 15 करोड़ रुपए वापस मिल जाएंगे। लेकिन टीम को 15 करोड़ की कीमत का सही प्लेयर तो नहीं मिल पाएगा। मेगा ऑक्शन का यही फायदा है कि अगर आपके पास पैसे हैं, तो आप एक अच्छी टीम बना सकते हो।