जम्मू-कश्मीर व हरियाणा में चुनाव की घोषणा

जम्मू-कश्मीर में चुनाव
जम्मू-कश्मीर में चुनाव

तीन चरणों में 18, 25 सितंबर व 1 अक्टूबर को वोटिंग

हरियाणा की सभी सीटों पर 1 अक्टूबर को मतदान, नतीजे 4 अक्टूबर को

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने शुक्रवार,16 अगस्त को जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के विधानसभा चुनावों का ऐलान किया। जम्मू-कश्मीर में 3 फेज,18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। यहां 10 साल बाद चुनाव होने जा रहे हैं। आखिरी बार 2014 में चुनाव हुए थे। जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के बाद ये पहला विधानसभा चुनाव होगा। उधर, हरियाणा में एक फेज में 1 अक्टूबर को मतदान होगा। दोनों राज्यों में नतीजे 4 अक्टूबर को आएंगे। चीफ इलेक्शन कमिश्नर, राजीव कुमार ने बताया कि सिक्युरिटी फोर्सेस और त्योहार होने की वजह से महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव बाद में कराए जाएंगे। इससे पहले 2019 में हरियाणा-महाराष्ट्र के चुनाव एक साथ हुए थे।

चीफ इलेक्शन कमिश्नर बोले- थ्री जेंटलमेन आर बैक… 4 बड़ी बातें

चीफ इलेक्शन कमिश्नर राजीव कुमार ने कहा, थ्री जेंटलमेन आर बैक। लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए। देशभर ने चुनाव का पर्व मनाया। लंबी कतारें दिखीं, बुजुर्ग, यूथ वोट डालने गए। लोकतंत्र का जीवित उदाहरण देश ने देखा। जो तस्वीर भारत ने दुनिया को दिखाई, वो चकित करने वाली थीं। जो चमक हमने देखी, वो बहुत दिन तक दिखाई देगी। जब भी कहीं दुनिया में चुनाव होंगे, आपको अपने देश की याद आएगी और हमारी ताकत की याद दिलाती रहेगी। जम्मू-कश्मीर में हमने जिनसे, राजनीतिक दलों से बात की, सबका मत था कि जल्द से जल्द चुनाव हों।

आपको याद है कि मतदान केंद्र पर जो लंबी कतारें लगी थीं, वो जम्हूरियत की ताकत थी। उम्मीद और जम्हूरियत की झलक बताती है कि अवाम अपनी तकदीर खुद बदलना चाहते हैं। लोग चाहते हैं कि खुद देश का भविष्य बदलने का हिस्सा बने। देशभर की 46 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव समय आने पर घोषित किए जाएंगे। वायनाड संसदीय सीट पर प्राकृतिक आपदा के कारण अभी उपचुनाव नहीं हो सकता वहां भी मतदान समय पर होगा।

जम्मू-कश्मीर : आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद यह पहला चुनाव

सुप्रीम कोर्ट ने 30 सितंबर 2024 तक जम्मू कश्मीर में चुनाव कराने का आदेश दिया था। राज्य से अनुच्छेद 370 हटने के बाद ये पहला विधानसभा चुनाव होगा। केंद्र सरकार ने 5 अगस्त 2019 को आर्टिकल 370 हटाया था।

यह भी पढ़ें : कोलकाता रेप-मर्डर : राज्य सरकार की हाईकोर्ट ने की खिंचाई