राजग का एक और सहयोगी दल मंत्री पद न मिलने से नाराज

राजग
राजग

कहा- राजग में सभी बराबर, सभी को मिले सम्मान

रांची। केंद्र में कैबिनेट गठन के बाद से राजग की झारखंड में सहयोगी पार्टी ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन नाखुश नजर आ रही है।
राज्य की गिरिडीह लोकसभा सीट से एनडीए ने ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन उम्मीदवार चंद्रप्रकाश चौधरी को चुनावी मैदान में उतारा था। इस सीट से चौधरी की जीत के बाद पार्टी को उम्मीद थी कि उनकी पार्टी के सांसद चौधरी को भी कैबिनेट में मंत्री पद दिया जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। झारखंड से कैबिनेट मंत्री के तौर पर कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी को शपथ दिलवाई गई जबकि रांची से सांसद संजय सेठ को राज्यमंत्री के तौर पर मोदी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।

पार्टी प्रवक्ता ने सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किए जाने को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि सभी सहयोगी दल जो सरकार को समर्थन दे रहे हैं, उन्हें उचित मान सम्मान दिया जाना चाहिए था। इससे कार्यकर्ता और समर्थकों को निराशा हुई है और पार्टी इस मुद्दे पर विचार-विमर्श करेगी।

राजग के साथी एनसीपी अजित गुट ने भी जताई थी नाराजगी

एनसीपी अजित गुट ने भी मंत्री पद नहीं मिलने के बाद अपनी नाराजगी जाहिर की थी। पार्टी नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा था कि शपथ ग्रहण से पहले हमें बताया गया था कि हमारी पार्टी को स्वतंत्र प्रभार वाला एक राज्य मंत्री मिलेगा। मैं पहले केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री था, इसलिए यह मेरे लिए एक डिमोशन होता। हमने बीजेपी नेतृत्व को सूचित कर दिया है और उन्होंने हमें कहा है कि बस कुछ दिन इंतजार करें, वे सुधारात्मक उपाय करेंगे।

एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना ने भी जताई थी नाराजगी

इसके बाद मोदी कैबिनेट में जगह नहीं मिलने से एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना ने भी नाराजगी जताई थी। पार्टी के चीफ व्हीप श्रीरंग बारणे ने कहा था कि एक तरफ जहां, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और एचडी कुमारस्वामी की पार्टी को कम सीट मिलने के बाद भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। वहीं, उनकी पार्टी के सात सांसद होने के बावजूद सिर्फ स्वतंत्र प्रभार के साथ राज्य मंत्री का ही पद दिया गया।

यह भी पढ़ें:नरेंद्र मोदी ने बता दिया, विकास कार्य रुकेंगे नहीं, दबाव में झुकेंगे नहीं