पायल घोष यौन शोषण मामले में अनुराग कश्यप की मुश्किले बढ़ी, मुंबई पुलिस ने भेजा समन

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री पायल घोष के साथ यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मुंबई पुलिस ने अनुराग कश्यप को पायल घोष के साथ कथित यौन शोषण के मामले में कल सुबह 11 बजे वर्सोवा पुलिस स्टेशन में उपस्थित होने के लिए कहा है।

गौरतलब है कि अभिनेत्री पायल घोष ने अनुराग कश्यप पर यौन शोषण के आरोप में केस दर्ज कराया है। पायल लगातार उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रही हैं, अब मुंबई पुलिस ने पूछताछ के लिए अनुराग कश्यप को समन भेजा है। 

बता दें कि पायल घोष ने चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिलता है तो वह भूख हड़ताल पर बैठेंगी। उन्होंने पुलिस पर सवाल उठाते हुए कहा था कि अभी तक निर्देशक की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई है। 

पायल घोष की लड़ाई में केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले आवाज उठा रहे हैं। अठावले ने मुंबई पुलिस से अनुराग कश्यप को गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्हेंने कहा कि अगर मुंबई पुलिस जल्द ही अनुराग कश्यप को गिरफ्तार नहीं करती वो धरने पर बैठेंगे।

बॉलीवुड अभिनेत्री ने 19 सितंबर को ट्वीट कर अनुराग कश्यप पर यौन शोषण का आरोप लगाया। उन्होंने पीएम मोदी से न्याय की गुहार लगाई थी। पायल घोष ने कहा था कि पहले मैं अपने मैनेजर के साथ उनसे (अनुराग कश्यप) मिली। फिर उसके बाद मैं उनके घर जाकर मिली। उन्होंने मुझसे बहुत अच्छे से मुलाकात की थी। उनका व्यवहार देखकर मुझे बहुत अच्छा लगा था लेकिन जब दूसरे दिन उन्होंने अपने घर बुलाया तो कुछ चीजें ठीक नहीं हुईं मेरे साथ। इसी बारे में मैने बात की।

पायल के आरोपों को अनुराग कश्यप ने खारिज कर दिया। उन्होंने ट्वीट करते हुए अपनी बात रखी थी। उन्होंने लिखा था, क्या बात है, इतना समय ले लिया मुझे चुप करवाने की कोशिश में। चलो कोई नहीं। मुझे चुप कराते-कराते इतना झूठ बोल गए कि औरत होते हुए दूसरी औरतों को भी संग घसीट लिया। थोड़ी तो मर्यादा रखिए मैडम। बस यही कहूंगा कि जो भी आरोप हैं आपके सब बेबुनियाद हैं।