बिहार: विपक्ष पर जमकर गरजे नीतिश कुमार, पहले लोग घर से निकलने में डरते थे

Nitish Kumar

नई दिल्ली। बिहार में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज गया है। अब चुनावी सभाओं से चुनावी माहौल बनना शुरु हो गया है। शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी चुनावी मैदान में उतर गए। उन्होंने शुक्रवार को सीवान जिले के जसौली में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर प्रहार किए।

उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल पर इशारों-इशारों में तंज कसते हुए कहा कि जब विपक्ष को सत्ता में मौका मिला, तब उन्होंने कुछ नहीं किया और अब सिर्फ अनर्गल बातें करते हैं। नीतीश ने सरकार के विकास कार्यों की सराहना करते हुए बिहार में हुए बदलावों का दावा किया।

जनसभा में नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 में एनडीए की सरकार बनने से पहले बिहार दयनीय स्थिति में था। उस समय लोग घर से बाहर निकलने में डरते थे। उन्होंने विपक्ष से सवाल किया, हमारी सरकार से पहले बिहार का क्या हाल था? उस समय कोई काम नहीं हुआ।

मुख्यमंत्री ने एनडीए सरकार की महिलाओं को पचास प्रतिशत आरक्षण, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर काम करने, हर घर नल का जल, हर घर शौचालय और सडक़-पुल निर्माण जैसी योजनाओं जैसी उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि उनकी सरकार ने सत्ता में आने के बाद बिहार को नई दिशा दी। उन्होंने बताया कि हाल के जिलों के दौरे के बाद 430 योजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिनमें सीवान, गोपालगंज और सारण की कई परियोजनाएं शामिल हैं।