
शिमला। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल स्पीति में हिमस्खलन की चपेट में आने से सीमा सड़क संगठन के दो मजदूरों की मौत हुई है और एक लापता है। सूत्रों के मुताबिक राहत एवं बचाव कार्य में जुटी टीमों ने दोनों के शव बरामद कर लिए हैं। लापता युवक की तलाश जारी है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रवक्ता के मुताबिक मृतक मजदूरों की पहचान 19 वर्षीय रामबुद्ध निवासी नेपाल और राकेश निवासी चंबा के रूप में हुई है।
लापता व्यक्ति की पहचान नेपाल निवासी छेरिंग लामा (27) के रूप में हुई है। हादसा जिला मुख्यालय केलांग से 35 किलोमीटर दूर शिकुंला दर्रे के पास हुआ है। यह हिमखंड बीती शाम दारचा-शिंकुला सड़क पर छीका गांव के पास गिरा। इस वक्त सीमा सड़क संगठन के मजदूर बर्फ हटा रहे थे। अचानक हिमस्खलन की चपेट में आने से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। तीन मजदूरों के साथ बर्फ हटाने वाला स्नो कटर और मशीनरी भी हिमस्खलन की जद में आ गई।