एक्सिओम-4 मिशन: जितेन्द्र सिंह ने दी शुभांशु शुक्ला को बधाई

नई दिल्ली । कई दिनों के इंतजार के बाद एक्सिओम-4 मिशन अमेरिक स्थित फ्लोरिडा में नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से बुधवार को लॉन्च कर दिया गया। भारतीय समयानुसार 12 बजकर 01 मिनट पर स्पेसएक्स का फाल्कन 9 अंतरिक्ष यान क्रू ड्रैगन कैप्सूल भारत के शुभांशु शुक्ला और तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ उड़ान भर गया। इस मौके पर केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने ट्वीट कर ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि वे अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के मिशन पर जाने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री हैं। वास्तव में यह भारत के लिए गौरव का क्षण है। मोदी सरकार द्वारा शुरू किए गए सुधारों के बाद इसरो के बढ़ते वैश्विक सहयोग ने भारत को अंतरिक्ष अन्वेषण में अग्रणी राष्ट्र के रूप में स्थापित कर दिया है।

उन्होंने कहा कि यह वास्तव में भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के संस्थापकों विक्रम साराभाई और सतीश धवन की जीत है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर अंतरिक्ष के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। शुभांशु शुक्ला संभवतः इस मिशन के सबसे महत्वपूर्ण सदस्य हैं।