
नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज दादरी में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान रक्षा मंत्री ने कहा कि हरियाणा में पिछले दस वर्षों सबसे अधिक निवेश आया है। पहले यहाँ पर बड़ी संख्या में घरों में नल के माध्यम से जल नहीं पहुँचता था मगर आज हरियाणा के लगभग सभी घरों में जल जीवन मिशन के माध्यम से पानी पहुँच चुका है। उन्होंने कहा कि हमारा हरियाणा देश का वो राज्य है जो 24 फसलें को MSP पर खरीदता है। इतना ही नहीं, बल्कि भाव का अंतर भी देती है और इसके लिए वह भावांतर योजना चलाती है।
राजनाथ ने कहा कि किसानों के बैंक खातों में सीधे पैसे भेजने का काम भाजपा सरकार ने किया है। किसान सम्मान निधि के रूप में करीब सवा 3 लाख करोड़ रुपए से अधिक किसानों के खाते में भेजे गये हैं। उन्होंने कहा कि हमने 2013 में इसी हरियाणा की धरती पर कहा था कि सरकार बनने पर OROP लागू करेंगे। भाजपा सरकार ने न सिर्फ वन रैंक वन पेंशन को लागू किया। यानि जो हम कहते हैं वह करके दिखाते हैं। अब हमने इसका तीसरा रिवीजन भी कर दिया है। कांग्रेस की सरकार थी, तो खर्ची और पर्ची के बिना नौकरी नहीं मिलती थी। हमने उस व्यवस्था को समाप्त किया है।