
जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौडगढ़ सांसद सीपी जोशी ने आज मातृकंुडिया, सोमेश्वर महादेव तालाब कपासन, पंचायत समिति परिसर भूपालसागर और सेमलिया महादेव मंदिर सुरपुर में आमसभा को सम्बोधित किया।
उन्होंने सुरपुर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना बेच प्रथम के अंर्तगत स्वीकृत बेचड नदी पर 920.35 लाख रूपये के पुलिया निर्माण कार्य का लोकार्पण भी किया। इस दौरान प्रदेश के जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर, जिला अध्यक्ष मिट्ठुलाल जाट, जिला प्रमुख भूपेन्द्र सिंह बडोली सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आमजन की उपस्थिति रही।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि देश की जनता को भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा है, भारतीय जनता पार्टी के पास नीति, नेता, नीयत, कार्यक्रम, कार्यकर्ता और राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव है।
जबकि दूसरे राजनीतिक दल एक परिवार की पार्टी बनकर रह गए है जिनके पास ना नीति है, ना नेता है, ना नीयत, ना कार्यकर्ता है और ना कार्यक्रम है। मोदी जी के कुशल नेतृत्व को देखते हुए अन्य पार्टियों के नेता और कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो रहें है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि हमारा देश कृषि प्रधान देश है, पानी होता है तो किसान के चेहरे पर खुशहाली और खेतों में हरियाली बनी रहती है। पूर्व की कांग्रेस सरकार पानी को लेकर उदासीन रही, कुछ नहीं किया। किन्तु अब प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन की सरकार बनने के साथ ही जो काम असंभव दिखाई दे रहे थे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वो भी पूरे हो रहें है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रयास से 45 हजार करोड़ की ईआरसीपी परियोजना राजस्थान को मिली और यमुना जल समझौते की भी स्वीकृति हुई। प्रदेश की जनता को इन दोनों परियोजनाओं का लाभ मिलेगा क्योंकी भाजपा जिस परियोजना का शिलान्यास करती है उसका उद्घाटन भी उसी कार्यकाल में करती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि आपके वोट की ताकत के कारण ही 2014 में देश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली मजबूत सरकार मिली। चित्तौडगढ़ का नम्बर देश की उन लोकसभा क्षेत्रों में आता है।
जहां सबसे ज्यादा केन्द्रीय सड़क निधि की सड़के आई, 2014 में जब केन्द्र में मोदी सरकार बनी तब पूरे देश में अफीम के मात्र 18 हजार लाईसेंस थे और आज अफीम के एक लाख से ज्यादा लाईसेंस है। वह दिन दूर नहीं जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया का सिरमौर बनेगा और हम सब लोग इसके साक्षी होंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने आमजन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आमजन के प्रेम और आशीर्वाद ने मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता को 2014 और 2019 में देश की सबसे बड़ी पंचायत में पहुंचाया और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने एक बार फिर प्रत्याशी के रूप में आपके बीच भेजा है।
जनता से मिल रहे प्रेम और उत्साह को देखकर विश्वास हो गया है कि सबके मन में सिर्फ एक ही बात है कि नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए प्रदेश की सभी सीटों पर रिकॉर्ड बहुमत से कमल खिलाना है।