भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का गहलोत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा, राजस्थान ने आज जयपुर में गहलोत सरकार के दो साल के कुशासन के खिलाफ जबरदस्त विरोध में प्रदर्शन किया। मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष एम. सादिक खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा मुख्यालय से सिविल लाईन्स फाटक तक पैदल मार्च निकाला, जिसमें पुरूषों संग महिलाएं और बच्चे भी कदम से कदम मिलाकर चले।

सिविल लाईन्स फाटक पर जैसे ही प्रदर्शनकारी पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जबरदस्त धक्का-मुक्की हुई, जिसमें एक कार्यकर्ता गश खाकर नीचे गिर पड़ा।

कार्यकर्ता के बेहोश होते ही उसे दूसरे साथियों ने संभाला और उसे उठाकर भीड़ से दूर ले गए। जहां उसे हवा की और हाथ-पैर को मसला, तब जाकर उस कार्यकर्ता को होश आया। बाद एम्बुलेंस मदद से उसे अस्पताल लेकर गए। बताया जा रहा है कि भीड़, धक्का-मुक्की में कार्यकर्ता की घबराहट बढ़ गई, जिसके कारण वह बेहोश होकर गिर पड़ा। गनीमत ये रही कि बेहोश होकर गिरने के दौरान उसे ज्यादा कोई चोट नहीं आई।

आपको बता दें कि प्रदेश में गहलोत सरकार एक तरफ अपने दो साल की उपलब्धियां का बखान जनता में कर रही हैं। तो वहीं दूसरी तरफ भाजपा इस दो साल के कार्यकाल को पूरी तरह विफल करार दे रही हैं। इससे पहले भाजपा युवा मोर्चा, महिला मोर्चा की ओर से भी इसी तरह के धरने-प्रदर्शन और जुलूस निकाले गए थे।