
दिल्ली/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 10 सालों से दिल्ली की जनता के साथ धोखा हुआ है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की स्थिति ‘दिया तले अंधेरा’ जैसी हो गई है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को दिल्ली के मुंडका और रिठाला विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवारों गजेन्द्र दराल और कुलवंत राणा के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार में लिप्त होकर जनता को भ्रमित किया। उन्होंने कहा कि ‘आप’ के नेताओं ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से राजनीति शुरू की, लेकिन खुद घोटालों में फंस गए। उन्होंने शराब नीति, क्लासरूम निर्माण और अन्य मुद्दों पर हुए घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली की जनता अब बदलाव चाहती है।
उन्होंने दिल्ली की समस्याओं जैसे प्रदूषण, टूटी सड़कों, सीवरेज, ट्रैफिक और पेयजल संकट का समाधान भाजपा की डबल इंजन सरकार के जरिए संभव बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का ट्रैक रिकॉर्ड जनता के प्रति ईमानदारी का है। रिठाला में आयोजित सभा में उ न्होंने कहा कि दिल्लीवासी ‘आप’ की सच्चाई जान चुके हैं और झूठे वादों से मुक्त होना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा दिल्ली को समृद्धि और विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। मुख्यमंत्री ने कई जनकल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की, जिसमें गिग वर्कर्स और टैक्सटाइल वर्कर्स के लिए बीमा और प्रोत्साहन योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने जनता से 5 फरवरी को भाजपा को वोट देने की अपील की। इस अवसर पर सांसद पीपी चौधरी, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।