
भोपाल । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यता अभियान संगठन पर्व के दो चरणों में मध्य प्रदेश की इकाई ने नया इतिहास रच दिया है। इस सदस्यता अभियान से जहां भाजपा का संगठन उत्साहित है वहीं कांग्रेस में हलचल मची है और उसकी ओर से सदस्यता अभियान पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
भाजपा का दूसरे चरण का सदस्यता अभियान 15 अक्टूबर को पूरा हो गया है। पार्टी ने अपने निर्धारित लक्ष्य डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने के लक्ष्य को पार कर लिया है। उत्तर प्रदेश के बाद मध्य प्रदेश ऐसा राज्य है जिसने इतनी बड़ी तादाद में सदस्य बनाए हैं।
मध्य प्रदेश से ऊपर उत्तर प्रदेश है, जहां दो करोड़ सदस्य बनाए गए हैं। राज्य के सदस्यता अभियान की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सराहना की है और कहा है कि उत्तर प्रदेश के दो करोड़ सदस्यों पर मध्य प्रदेश के डेढ़ करोड़ सदस्य भारी हैं क्योंकि दोनों की आबादी में बड़ा अंतर है।
राज्य में भाजपा का सदस्यता अभियान दो चरणों में चला और यहां कुल मिलाकर एक करोड़ 50 लाख 28 हजार 107 सदस्य बनाए गए हैं।