
प्रदेश में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति पर बढ़ रहे अत्याचारों के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा राजस्थान के द्वारा जयपुर में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सर्किल पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया।
काफी संख्या में प्रदर्शन में इकट्ठा हुए भाजयुमो के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के बाहर जयसिंह हाइवे पर धरने पर बैठ गए। पुलिस ने प्रवेश द्वार बंद कर दिए थे। जब उग्र कार्यकर्ताओं को पुलिस ने उठाना चाहा तब गहमा गहमी बढ़ गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई।
देखते ही देखते कार्यकर्ता और पुलिस उलझ गए। फिर पुलिस ने बलप्रयोग कर इन्हें खदेडना चाहा। इसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए। दावा किया गया है कि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए है। उधर, पुलिस इस मामले में अभी कुछ नहीं बोल रही।
युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की तब सदर एसीपी नवाब खान से झड़प हो गई। इसके बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने भाजयुमो के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया।

लाठियां बरसने से युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री राजकुमार बिंवाल सहित प्रदेश मंत्री रामकेशन मीणा, विजेंद्र गुर्जर के चोटें आई। इसके अलावा विक्रम सिंह शेखावत और आशीष शर्मा के सिर में चोट लगने से खून निकलने लगे। इसके बाद लाठीचार्ज में चोटिल हुए प्रदर्शनकारियों को एसएमएस अस्पताल के ट्रोमा सेंटर पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें- चिकित्सा मंत्री को भेंट किए 400 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स, 5 जिलों में भेजे जाएंगे