मोजाम्बीक में नाव डूबी, 91 की मौत

mozambique
mozambique

130 लोग सवार थे, कई लापता, हैजा से बचने के लिए पलायन कर रहे थे

नामपुला। ईस्ट अफ्रीकी देश मोजाम्बीक में रविवार देर रात मछली पकड़ने वाली एक नाव समुद्र में डूब गई। हादसे में 91 लोगों की मौत हो गई। इनमें कई बच्चे हैं। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

नाव पर 130 लोग सवार थे, जो इसकी क्षमता से ज्यादा थे। 5 लोगों को बचाया जा सका, जबकि कई लापता है। लोकल मीडिया रेडियो मोजाम्बीक के मुताबिक, नाव नामपुला प्रांत स्थित मोजाम्बीक आईलैंड के पास समुद्र में डूबी।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

नामपुला के सेक्रेटरी जैमे नेटो ने बताया कि नाव मोसुरिल से निकलकर मोजाम्बीक आईलैंड जा रही थी। इस पर सवार सभी लोग हैजा की बीमारी से बचने के लिए पलायन कर रहे थे। सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े वीडियो वायरल हो रहे हैं, इनमें लोगों को रेस्क्यू करते और समुद्र के किनारे कई लाशों को देखा जा सकता है।

15 महीने में 13 हजार से ज्यादा केस सामने आए

हैजा बीमारी अफ्रीका के कई देशों में जनवरी 2023 से फैली है। मोजाम्बीक का नामपुला प्रांत इससे सबसे ज्यादा प्रभावित प्रांतों में से एक है। हैजा फैलने का मुख्य कारण दूषित खाना और पानी है। इसमें उल्टी-दस्त की समस्या होती है, जिससे डिहाइड्रेशन की स्थिति पैदा हो जाती है और समय पर इलाज न हो तो कुछ ही घंटों में मौत भी हो सकती है। अक्टूबर 2023 से अब तक मोजाम्बीक में हैजा के 13,700 मामले सामने आए हैं। 30 लोगों की मौत हुई है।

Advertisement