इतिहास रचने मोरक्को पहुंचे राजनाथ सिंह, शुरू हुआ भारत का नया रक्षा अध्याय

राजनाथ सिंह
image sourace : via KHASKHABAR

* राजनाथ सिंह की मोरक्को यात्रा भारतीय रक्षा मंत्री की पहली ऐतिहासिक विज़िट
* बेरेचिड में भारत का पहला अफ्रीकी रक्षा संयंत्र खोलेंगे राजनाथ सिंह
* द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को लेकर कई बड़े समझौते होंगे

Rajnath Singh Makes Historic Visit to Morocco : नई दिल्ली/कासाब्लांका। भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर मोरक्को के कासाब्लांका पहुंचे। यह किसी भी भारतीय रक्षा मंत्री की मोरक्को की पहली यात्रा है, जिसे भारत-मोरक्को के बीच बढ़ते रणनीतिक संबंधों में एक ऐतिहासिक मोड़ माना जा रहा है।

कासाब्लांका स्थित मोहम्मद वी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनके स्वागत के लिए मोरक्को की मिलिट्री कमांड के प्रमुख वाली और भारत के राजदूत संजय राणा मौजूद रहे। इस दौरान पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अभिनंदन किया गया।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस दौरे के दौरान राजनाथ सिंह और मोरक्को के रक्षा मंत्री अब्देलतीफ लौदियी के बीच एक अहम द्विपक्षीय बैठक होगी। इस बैठक में रक्षा, सामरिक और औद्योगिक सहयोग को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

यात्रा का एक बड़ा आकर्षण होगा मोरक्को के बेरेचिड में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स के नए रक्षा विनिर्माण संयंत्र का उद्घाटन। यह संयंत्र भारत का पहला अफ्रीका में स्थित व्हील्ड आर्मर्ड प्लेटफॉर्म (WHP) 8×8 यूनिट होगा, जो आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत रक्षा उद्योग की वैश्विक पहुंच को दर्शाता है।

रक्षा मंत्री मोरक्को के उद्योग और व्यापार मंत्री रियाद मेज़ूर से भी मुलाकात करेंगे। इस बैठक का उद्देश्य रक्षा क्षेत्र में औद्योगिक साझेदारी और निवेश के नए अवसर तलाशना है।

अपनी यात्रा के दौरान राजनाथ सिंह मोरक्को में रह रहे भारतीय समुदाय से भी मिलेंगे और भारतीय मूल के नागरिकों के साथ संवाद करेंगे। इस दौरे में दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को लेकर एक महत्वपूर्ण समझौते (MoU) पर भी हस्ताक्षर होंगे।

यह भी पढ़े :जीएसटी 2.0: अब सस्ते होंगे रोटी-कपड़ा-मकान, व्यापारियों से मुख्यमंत्री की सीधी चर्चा

गौरतलब है कि भारतीय नौसेना के जहाज पिछले कई वर्षों से कैसाब्लांका बंदरगाह पर नियमित रूप से रुकते रहे हैं। राजनाथ सिंह की यह यात्रा दोनों देशों के बीच सुरक्षा और सामरिक संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।