
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ब्रिस्बेन में चौथा और आखिरी टेस्ट खेला जा रहा है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में बिना कोई विकेट गंवाए 21 रन बना लिए हैं। डेविड वॉर्नर (20 रन) और मार्कस हैरिस (1 रन) नाबाद हैं।

ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 369 रन बनाए थे। जवाब में शार्दूल ठाकुर और वॉशिंगटन सुंदर ने 7वें विकेट के लिए 123 रन की पार्टनरशिप की। इसकी बदौलत टीम इंडिया ने पहली पारी में 336 रन बनाए। पहली पारी और दूसरी पारी मिलाकर ऑस्ट्रेलिया ने अब तक भारत पर 54 रन की बढ़त ले ली है।

टीम इंडिया ने तीसरे दिन 2 विकेट पर 62 रन से आगे खेलना शुरू किया। एक समय टीम ने 186 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद शार्दूल ठाकुर और वॉशिंगटन सुंदर ने भारतीय पारी को संभाला और रिकॉर्ड साझेदारी कर डाली। दोनों ने 7वें विकेट के लिए 217 बॉल पर 123 रन की पार्टनरशिप की। ऑस्ट्रेलिया में शतकीय साझेदारी करने वाली यह चौथी जोड़ी है।