
बिजनौर, मेरठ और फिरोजाबाद में फायरिंग के दौरान 5 लोगों की मौत, पुलिस चौकियां फूंकी गईं
नई दिल्ली
नागरकिता संशोधन कानून के खिलाफ शुक्रवार को दिल्ली और उत्तर प्रदेश में उग्र प्रदर्शन हुए। उत्तर प्रदेश के 20 जिलों में प्रदर्शन के दौरान हिंसा हुई। यूपी के अतिरिक्त मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने कहा कि फायरिंग के दौरान 5 लोगों की मौत हुई है। यह मौतें बिजनौर, फिरोजाबाद और मेरठ में हुईं। कानपुर में 8 और बिजनौर में 4 लोग गोली लगने से घायल हुए। कुछ जिलों में पुलिस थाने और चौकियां फूंकी गईं। दिल्ली में जामा मस्जिद इलाके में दिनभर प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। लेकिन, शाम के वक्त प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया और आगजनी की। वहीं, दिल्ली के जाफराबाद में स्थानीय लोगों ने पुलिस को गुलाब के फूल दिए और चाय भी पिलाई। गुरुवार को हुई हिंसा के बाद गुजरात में 8 हजार लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। उत्तर प्रदेश में 20 जिलों में इंटरनेट सेवा बंद है। दिल्ली, गुजरात, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में धारा 144 लागू कर दी गई है। केरल के 4 जिलों में हाईअलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश में भी मोबाइल इंटरनेट बंद कर दिया गया।
जोधपुर में भी विरोध प्रदर्शन
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ देशभर में हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच शुक्रवार दोपहर जोधपुर में बड़ी संख्या में लोगों ने नई सड़क चौराहे पर एकत्र हो प्रदर्शन किया। शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर लौटते समय प्रदर्शनकारियों ने उत्पात मचाया। एक समूह ने भीतरी शहर में जबरन बाजार बंद करवा दिए। जालोरी गेट पर बेकाबू हुए दूसरे समूह ने पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने डंडे बरसा सभी को एक बार वहां से खदेड़ दिया। फिलहाल जालोरी गेट चौराहे के समीप स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। एसटीएफ की टीम ने मौके पर पहुंच मोर्चा संभाल लिया है।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रदर्शन शांतिपूर्वक संपन्न होने से पुलिस प्रशासन सहित आमजन ने राहत महसूस की। लेकिन, यह राहत थोड़ी देर ही कायम रह पाई। वापस लौटती भीड़ ने उत्पात मचाना शुरू कर दिया। जालोरी गेट पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर जमकर पत्थर बरसाए। इस पर पुलिस ने डंडे बरसाते हुए उग्र भीड़ को खदेड़ दिया। अब एक तरफ प्रदर्शनकारी व दूसरी तरफ पुलिस आमने-सामने डटे हुए है। इससे पूर्व जोधपुर शहर में कल से विभिन्न संगठनों के नाम से आज नई सड़क चौराहे पर नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन आयोजित करने के मैसेज चल रहे थे। लेकिन, इस तरह के आयोजन को लेकर कोई संगठन खुलकर सामने नहीं आया।
आज दोपहर पश्चात शहर के विभिन्न हिस्सों से अलग-अलग समूह में नारेबाजी करते हुए बड़ी संख्या में लोग नई सड़क चौराहे पर एकत्र होना शुरू हो गए। देखते ही देखते वहां पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। एहतियात के तौर पर शहर के सभी प्रमुख चौराहों सहित नई सड़क पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। नई सड़क चौराहे पर दो-तीन वक्ताओं ने संक्षेप में नागरिकता कानून में किए गए संशोधन के खिलाफ अपनी बात रखी। करीब आधा घंटा पश्चात सभी वहां से रवाना हो गए। इस प्रदर्शन के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।