
एक व्यक्ति की वजह से पूरी विधानसभा और पार्टी हाईजैक हो गई है : जोगाराम पटेल
जोधपुर। संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने बिना नाम लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को गोविन्द सिंह डोटासरा को पलटूराम कहा। मीडिया से बात करते हुए पटेल ने कहा- एक व्यक्ति की वजह से पूरी विधानसभा और पार्टी हाईजैक हो गई है। मैंने खुद भी प्रयास किया और मुख्यमंत्री ने भी प्रयास किया। इसी प्रयास से विधानसभा में चल रहे गतिरोध का निस्तारण हुआ। इसके विपरीत जाकर उस पलटूराम ने आचरण किया। खेद व्यक्त करना था वो खेद व्यक्त नहीं किया।
मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा

विधानसभा में चल रहा गतिरोध कांग्रेस की ही अंतर्कलह से जुड़ा है। दिल्ली में अपने नंबर बढ़ाने के चक्कर में एक नेता नहीं चाहते कि उन्हीं की पार्टी के नेता प्रतिपक्ष सदन में बोले। ये इन्हीं की साजिश लग रही है और ऐसी चर्चाएं कई दिनों से चल रही है। जोगाराम पटेल बुधवार को जोधपुर में थे। यहां उन्होंने विधानसभा में चल रहे विवाद को लेकर मीडियाकर्मियों से बात की थी।
बोले- एक नेता लाइमलाइट में आने के लिए यह सब कर रहे
कैबिनेट मंत्री पटेल ने कहा कि हमारा तो अब भी यही प्रयास है कि गतिरोध खत्म हो और सदन में सभी दल अपनी बात रखें। लेकिन, सुनने में आ रहा है कि नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, जिन्होंने पहले से पूरी तैयारी कर रखी थी। वे सदन में नहीं बोल पाए। इसके लिए एक नेता ये पूरा हंगामा करके लाइमलाइट में आना चाह रहे हैं। जबकि, वे चाहते तो नेता प्रतिपक्ष का वक्तव्य सदन में रखने के बाद भी हंगामा कर सकते थे। लेकिन, उन्होंने ऐसा नहीं किया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हम तो कांग्रेस के सभी नेताओं से अपील कर रहे हैं कि गतिरोध खत्म करने के लिए वे भी आगे आएं और आपस में बैठकर वार्ता के जरिए समाधान निकाला जाए।
विवादित बयान से बढ़ा था गतिरोध
बता दें कि विधानसभा में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को लेकर की गई टिप्पणी और उसके बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत 6 कांग्रेस विधायकों को सस्पेंड करने के बाद गतिरोध बढ़ गया। इसे खत्म करने के लिए शनिवार को भी संसदीय कार्य मंत्री पटेल और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने वार्ता कर सहमति बनाने के प्रयास किए थे, लेकिन बात नहीं बन पाई।
यह भी पढ़ें : महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री शर्मा ने की भगवान शिव की पूजा-अर्चना