किसानों का समर्थन करने पर केन्द्र आप सरकार को दंडित कर रही : सीएम केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को आरोप लगाया कि किसान आंदोलन का समर्थन करने के चलते भाजपा नीत केंद्र सरकार नए कानून के जरिए उनकी सरकार के संचालन में बाधाएं पैदा करके दंडित करने का प्रयास कर रही है।

नया कानून उप राज्यपाल को अधिक शक्तियां प्रदान करता है। हरियाणा के जींद में आयोजित किसान महापंचायत को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि वह तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों का साथ देने के चलते कोई भी बलिदान देने को तैयार हैं।

किसान आंदोलन तथा किसानों का समर्थन करने वाले सभी लोगों को सच्चा देशभक्त करार देते हुए उन्होंने आरोप लगाया, किसानों के लिए काले कानून पास करने वाले और उन कानूनों का समर्थन करने वाले न केवल किसान विरोधी हैं बल्कि इस देश के गद्दार हैं, जिन्हें कभी माफ नहीं किया जा सकता।

महापंचायत के मंच पर पहुंचते ही केजरीवाल को हल भेंट किया गया। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा अपने पूंजीपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए लागू किए गए तीन कृषि कानूनों का विरोध करते हुए तीन सौ से अधिक किसान अपनी जान दे चुके हैं।

उन्होंने कहा कि अब हरियाणा या पंजाब ही नहीं बल्कि पूरे देशवासियों का यह फर्ज है कि वह इन किसानों की शहादत को बेकार न जाने दें इसलिए यह लड़ाई अंत तक लड़ी जाएगी। केजरीवाल ने कहा, जिस देश में किसानों का सम्मान नहीं होता वह देश कभी तरक्की नहीं कर सकता।

यह भी पढ़ें-राफेल लड़ाकू विमान सौदे में भ्रष्टाचार की आशंका, 4.39 करोड़ रूपए क्लाइंट गिफ्ट के नाम पर खर्च दर्शाए गए