सीएम के सामने होंगे कांग्रेस से चेतराम

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव

पिछले विधानसभा चुनाव में थी दोनों में कांटे की टक्कर

मात्र 11 हजार वोटों से हारे थे चेतराम

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस ने ज्यादातर सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। आम आदमी पार्टी ने 20 सितंबर को चार प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की थी। जल्द ही आप उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी हो सकती है।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 2017 की तरह इस बार भी सिराज सीट से भाजपा उम्मीदवार होंगे। उनके खिलाफ कांग्रेस ने चेतराम ठाकुर को उम्मीदवार बनाया है। 2017 में भी जयराम के खिलाफ चेतराम ही कांग्रेस उम्मीदवार थे। तब उन्हें 11 हजार से ज्यादा वोट से हार का सामना करना पड़ा था।

भाजपा के 62 तो कांग्रेस ने के 46 उम्मीदवार तय

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की कुल 68 सीटें हैं। भाजपा ने इनमें से 62 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। छह सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का एलान अभी बाकी है। वहीं, कांग्रेस ने मंगलवार रात 46 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए। 22 सीटों पर नामों का एलान बाकी है।

भाजपा ने एक मंत्री समेत 11 विधायकों का टिकट काटा

2017 के विधानसभा चुनाव में 44 सीटें जीतने वाली भाजपा ने एक मंत्री समेत 11 सिटिंग विधायकों का टिकट काट दिया है। दो मंत्रियों की सीट बदली गई है। एक मंत्री की टिकट काटकर बेटे को उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस की पहली लिस्ट में छह नए चेहरों को मौका मिला है। इनमें ठियोग से कुलदीप राठौर, चौपाल से रजनीश किमटा, नगरोटा से रघुवीर बाली, चुराह से यशवंत खन्ना, बंजार से खीमी राम और झंडूता से विवेक कुमार शामिल हैं।

कांग्रेस से तीन तो भाजपा से पांच महिलाओं को टिकट

कांग्रेस की पहली सूची में तीन महिलाओं को टिकट मिला है। इसमें डलहौजी से आशा कुमारी, मंडी से चंपा ठाकुर और पच्छाद से दयाल प्यारी को उतारा गया है। भाजपा ने चम्बा से इंदिरा कपूर, इंदौरा से रीता धीमान, शाहपुर से सरवीण चौधरी, पच्छाद से रीना कश्यप और रोहड़ू से शशि बाला को उम्मीदवार बनाया है। पच्छाद सीट पर दोनों पार्टियों ने महिलाओं को टिकट दिया है। ऐसे में यहां दो महिला उम्मीदवारों में टक्कर हो सकती है।

कांग्रेस के 22 में से 21 विधायकों को टिकट

कांग्रेस ने मौजूदा 22 विधायकों में से 21 को फिर से टिकट दिया है। सिर्फ किन्नौर विधायक को अब तक उम्मीदवार नहीं बनाया गया है। किन्नौर सीट पर पार्टी ने किसी दूसरे नाम का भी अभी एलान नहीं किया है। यहां से किन्नौर विधायक जगत सिंह नेगी के साथ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी भी टिकट के दावेदार हैं।

यह भी पढ़ें : कांगे्रस के ‘खेवनहार’ खरगे : शशि थरूर ने ट्वीट कर मानी हार