
जयपुर। मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार ने लव जिहाद के लिए कानून का ड्राफ्ट तैयार कर लिया है। वहीं उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार भी जल्द इसपर कानून बनाने जा रही है। इसके अलावा कई अन्य राज्यों में इस मामले पर कानून बनाने की मांग उठ रही है।
इसी बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लव जिहाद को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उनका कहना है कि भाजपा देश में सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाडऩे की कोशिश कर रही है। वहीं इसे लेकर राजस्थान भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनिया ने पलटवार करते हुए कहा है कि यह बयान शर्मनाक है।
अशोक गहलोत ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा, लव जिहाद भाजपा द्वारा राष्ट्र को विभाजित करने और सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाडऩे के लिए निर्मित एक शब्द है। विवाह व्यक्तिगत स्वतंत्रता का मामला है, इस पर अंकुश लगाने के लिए एक कानून लाना पूरी तरह से असंवैधानिक है और यह कानून किसी भी अदालत में टिक नहीं पाएगा। लव में जिहाद का कोई स्थान नहीं होता है।

गहलोत ने कहा कि शादी एक व्यक्तिगत फैसला है और भाजपा इसपर अंकुश लगा रही है। उन्होंने कहा, वे राष्ट्र में एक ऐसा वातावरण बना रहे हैं, जहां आपसी सहमति जताने वाले व्यक्ति राज्य की दया और शक्ति के अधीन रहेंगे। विवाह एक व्यक्तिगत निर्णय है और वे उस पर अंकुश लगा रहे हैं, जो व्यक्तिगत स्वतंत्रता को छीनने जैसा है।
भाजपा पर सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाडऩे का आरोप लगाते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री ने कहा, यह सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाडऩे, सामाजिक संघर्ष को बढ़ावा देने और राज्य के संवैधानिक प्रावधानों की अवहेलना करने जैसा है। जबकि राज्य किसी भी आधार पर नागरिकों के साथ भेदभाव नहीं करता है।
लव जिहाद रोकने के लिए ड्राफ्ट तैयार
मध्यप्रदेश में लव जिहाद रोकने के लिए राज्य सरकार एक नया एक्ट, मध्यप्रदेश फ्रीडम ऑफ रिलीजन एक्ट-2020 ला रही है। इसका ड्राफ्ट लगभग तैयार हो चुका है। इस कानून के तहत लव जिहाद का ताजा मामला पकड़े जाने पर पांच साल की सजा का प्रावधान है। इसके अलावा ऐसे विवाह जो पहले हो चुके हैं, उन्हें रद्द करने का अधिकार फैमिली कोर्ट को दिया जाएगा।