सीएम गहलोत ने केंद्र पर साधा निशाना, कहा आप आमजन का दिल नहीं जीत सकते, हिंसा वहीं हो रही जहां भाजपा की सरकार

जयपुर। नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी को लेकर रविवार को राजस्थान की राजधानी में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अगुवाई में लाखों की संख्या में सर्व समाज के लोगों ने शांति मार्च निकाला। शांति मार्च के बाद जयपुर के गांधी सर्किल पर जनसभा को संबांधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला।

 

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आप बहुमत से कानून बना सकते हैं, लेकिन लोगों का दिल नहीं जीत सकते। अकेले यूपी में 15 लोग मारे गए। गोली वहीं चल रही है जहां बीजेपी की सरकारें हैं। उन्होंने कहा कि असम में एनआरसी फेल हो गई। वहां एनआरसी में 16 लाख हिंदू बाहर हो गए। अब नागरिकता संशोधन कानून लेकर आए। यह अव्यावहारिक है। वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केन्द्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि देश में आरएसएस राज कर रहा है। पीएम आरएसएस के कहने के हिसाब से काम करते हैं। आरएसएस क्यों नहीं राजनीतिक दल बन जाता। आरएसएस राजनीति के मैदान में आए।

बहुमत का सदुपयोग करे केंद्र सरकार: पायलट
सभा को संबोधित करते हुए पीसीसी अध्यक्ष व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि आज पूरे देश में हर जगह लोग सड़कों पर हैं। संख्या बल के आधार पर आप कानून बना सकते हैं, लेकिन संविधान की मूल भावना से खिलवाड़ नहीं कर सकते।

पायलट ने कहा कि नागरिकता कानून में पहले भी संशोधन हुए हैं, लेकिन क्या कारण है कि इस बार लोग इसके खिलाफ सड़कों पर हैं। केंद्र को बहुमत का सदुपयोग करना चाहिए था। वहीं पायलट ने कहा कि आगामी 28 तारीख को कांग्रेस शहीद स्मारक से पीसीसी तक मार्च निकालेगी। उस मार्च में भी एकता का संदेश दिया जाएगा। बाद में पायलट ने भारत माता की जय के नारे लगवाए।