
शरीर को बेहतर तरीके से काम करते रहने के लिए कई प्रकार के प्रोटीन्स और विटामिन्स की आवश्यकता होती है। कोलेजन ऐसा ही एक प्रोटीन है, जिसकी हमारे शरीर में विशेष भूमिका होती है। हमारा शरीर प्राकृतिक रूप से इसे बनाता है। अब सवाल है कि कोलेजन आखिर क्या करता है? इसका जवाब है- कोलेजन की मुख्य भूमिका आपके पूरे शरीर को बेहतर संरचना और शक्ति प्रदान करना है। त्वचा और बालों को स्वस्थ रखने के लिए इसे सबसे आवश्यक माना जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, समय के साथ शरीर में कोलेजन का स्तर कम होने लग जाता है। हालांकि सिर्फ उम्र ही इसको कम करने का एक कारण नहीं है, कुछ और भी स्थितियां हैं जिसके कारण शरीर में इसकी कमी होने लगती है। आइए इस बारे में विस्तार से समझते हैं।
कोलेजन की भूमिका

हमारे शरीर के कुल प्रोटीन का 30त्न भाग कोलेजन होता है। यह त्वचा, मांसपेशियों, हड्डियों और संयोजी ऊतकों को स्वस्थ रखने के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। शोधकर्ताओं ने पाया कि अगर आहार को ठीक रख लिया जाए तो इससे कोलेजन की मात्रा को व्यवस्थित रखा जा सकता है। आइए जानते हैं कि किन कारणों से शरीर में कोलेजन की कमी होने लग सकती है, जिसको लेकर सभी लोगों को अलर्ट रहने की आवश्यकता होती है।
इन तीन वजहों से कम होने लगता है कोलेजन

अध्ययनकर्ताओं ने बताया कि उम्र बढऩे के अलावा कुछ और भी चीजें हैं जिसे शरीर में कोलेजन के स्तर को कम करने के लिए जिम्मेदार पाया गया है। इसमें धूप, धूम्रपान और चीनी का अधिक सेवन प्रमुख है। शोधकर्ताओं ने पाया कि पराबैंगनी प्रकाश के बहुत अधिक संपर्क में आने से इसके तंतु खुल जाते हैं, जिससे इसमें क्षति हो सकती है। इसके अलावा सिगरेट के धुएं में मौजूद कई रसायन भी इसे नुकसान पहुंचा सकते हैं, जिससे त्वचा ढीली और झुर्रीदार होने लगती है।
त्वचा के लिए बहुत आवश्यक है कोलेजन
कोलेजन त्वचा के स्वास्थ्य के लिए सबसे ज्यादा चर्चा में रहता है। साल 2022 की एक शोध समीक्षा से निष्कर्ष निकाला गया कि कोलेजन की खुराक के सेवन से त्वचा की लोच में सुधार होती है और झुर्रियों को कम करने में भी इसके लाभ हैं। कोलेजन की कमी के कारण समय से पहले त्वचा की उम्र बढऩे के लक्षण भी दिखने लगते हैं। ब्रिटिश जर्नल ऑफ स्पोट्र्स मेडिसिन की समीक्षा में पाया गया कि कोलेजन सप्लीमेंट्स लेने से तीन महीने के भीतर हाथ, कूल्हे या घुटने के ऑस्टियोआर्थराइटिस के रोगियों में दर्द कम हो गया। हालांकि कोलेजन सप्लीमेंट्स के दीर्घकालिक प्रभावों को समझने के लिए और अधिक शोध की आवश्यकता है।
कोलेजन की मात्रा कैसे बढ़ाएं?
शोधकर्ताओं की टीम ने पाया कि कोलेजन पूरक के रूप में उपलब्ध होते हैं, लेकिन आहार के माध्यम से हमें उन चीजों के अधिक सेवन पर ध्यान देना चाहिए जो शरीर में इसकी मात्रा को बढ़ाने में मदद कर सकें। पशु आधारित खाद्य पदार्थों के सेवन को इसके लिए लाभकारी पाया गया है पर ध्यान देने वाली बात यह भी है कि बहुत अधिक मात्रा में रेड मीट के सेवन से शरीर को नुकसान भी हो सकता है। कोलेजन सप्लीमेंट्स भी सभी के लिए फायदेमंद नहीं हैं इसलिए बिना डॉक्टरी सलाह के इसका सेवन नहीं किया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें : टाइगर्स के प्रति फोटोग्राफर्स के जुनून का परिणाम है यह एग्जीबिशन : सांसद दीया कुमारी