कोलंबिया के पूर्व राष्ट्रपति नजरबंदी के बाद हुए कोरोना पॉजिटिव, दुनिया में अब तक 1.89 करोड़ कोरोना मरीज

अमेरिका में अब तक 25.40 लाख लोग ठीक हुए, यहां 6 करोड़ से ज्यादा टेस्ट हुए

लंदन। दुनिया में कोरोना वायरस संक्रमण के अब तक 1 करोड़ 89 लाख 70 हजार 837 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 21 लाख 60 हजार 675 मरीज ठीक भी हो चुके हैं। 7 लाख 11 हजार 108 की मौत हो चुकी है। कोलंबिया के पूर्व राष्ट्रपति एलवैरो यूरीब संक्रमित मिले हैं। उन्हें मंगलवार को पहले ही सबूतों से छेड़छाछ़ करने के एक मामले में हाउस अरेस्ट किया गया था। उनकी डेमोक्रेटिक सेंटर पार्टी के प्रवक्ता गैब्रियल वेलास्को ने बुधवार को कहा- यूरीब की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

हालांकि, उनका स्वास्थ्य ठीक है। उनमें कोई ज्यादा लक्षण नजर नहीं आ रहे। न ही उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही है। स्पेन में बुधवार को 1772 नए मामले सामने आए। यह देश में लॉकडाउन हटाए जाने के बाद सबसे ज्यादा मामले हैं। यहां जून में लॉकडाउन हटाया गया था। इसके बाद से संक्रमण तेजी से बढऩे लगा। फिलहाल देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 28 हजार 499 हो गई है।

यह भी पढ़ें-लापरवाही के कारण हुआ बेरूत में बड़ा हादसा

जर्मनी – एंटवर्प राज्य क्वारैंटाइन लिस्ट में शामिल

जर्मनी ने एंटवर्प राज्य को क्वारैंटाइन लिस्ट में शामिल किया है। इस राज्य में संक्रमण के मामले तेजी से बड़े हैं। अब यहां आने वालों को अपनी निगेटिव टेस्ट रिपोर्ट दिखानी होगी। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो उन्हें 14 दिनों के लिए क्वारैंटाइन में भेज दिया जाएगा। यहां अब तक 2 लाख 14 हजार 404 मामले सामने आए हैं और 9 हजार 245 लोगों की मौत हुई है। 1 लाख 94 हजार 700 लोग ठीक भी हुए हैं।

इटली – रायन एयर को बैन करने की चेतावनी

इटली सरकार ने रायन एयर एयरलाइंस को बैन करने की चेतावनी दी है। देश की सिविल एविएशन अथॉरिटी ने कहा है कि एयरलाइंस ने सुरक्षा नियमों को तोड़ा है। ऐसे में देश में इसकी सेवाएं रोकी जा सकती हैं। यह एयरलाइंस देश में किफायती सेवाएं देने के लिए जानी जाती है। देश में सभी एयरलाइंस के लिए सरकार ने मई में नए नियम जारी किए थे। एयर ट्रैवल करने वाले सभी लोगों की जांच जरूरी की थी।

ब्राजील – मौतों का आंकड़ा 97 हजार के पार

ब्राजील में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 57 हजार 152 नए मामले मिलने के साथ ही संक्रमितों की संख्या 28 लाख 59 हजार 73 हो गई है। ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों में हुई 1437 मौतों के बाद मृतकों का आंकड़ा 97 हजार 256 हो गया है। ब्राजील संक्रमण के मामले में अमेरिका के बाद दुनिया में दूसरे नंबर पर है। यहां के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो और उनकी कैबिनेट के 8 मंत्री भी संक्रमित हो चुके हैं।