
जयपुर। राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री और झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने भारतीय जनसंघ से जुड़े वरिष्ठतम कार्यकर्ता एवं भारतीय जनता पार्टी के समर्पित नेता भेरू लाल प्रजापत का अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रजापत जी के अनुशासित, सेवाभावी और राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण जीवन को सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कर्नल राठौड़ ने कहा भेरू लाल प्रजापत जी ने जिस निष्ठा, अनुशासन और संगठन भावना से दशकों तक पार्टी की सेवा की है, वह आज के युवाओं और कार्यकर्ताओं के लिए एक आदर्श है। उनका जीवन पार्टी के सिद्धांतों का जीवंत उदाहरण है। कार्यक्रम के दौरान कर्नल राठौड़ ने न सिर्फ प्रजापत जी का अभिनंदन किया, बल्कि उनसे आशीर्वाद व मार्गदर्शन भी प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक इतिहास में प्रजापत जी जैसे समर्पित कार्यकर्ताओं की भूमिका सदैव गौरव का विषय रही है।