
सीपी जोशी ने कहा: आज का दिन लोकतंत्र के इतिहास का काला दिन
नई दिल्ली। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने मंगलवार को अपने दिल्ली स्थित आवास पर कहा कि भाजपा आज आपातकाल घोषणा के दिन को काला दिवस के रूप में मना रही है।
गौरतलब है कि जोशी ने मंगलवार को लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। जोशी ने कहा कि आज संविधान और लोकतंत्र की दुहाई देने वाली कांग्रेस ने आज ही के दिन लोकतंत्र को रौंदा था। यह लोकतंत्र के इतिहास का काला दिन है। उस समय कांग्रेस ने विरोधियों को दबाने के लिए आपातकाल लगाया था। लोकतंत्र और संविधान की दुहाई देने वालों को अपना इतिहास देखना चाहिए। जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी के समय संविधान को कितनी बार बदला गया।
भाजपा ने हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों के आधार पर काम किया: सीपी जोशी
जोशी ने कहा कि उस समय आपातकाल का विरोध करने वालों को जेल में डाल दिया गया। उनका कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने प्रजातंत्र की रक्षा और मजबूती के लिए आवाज उठाई थी। भाजपा ने हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों के आधार पर काम किया। जनसंघ से लेकर भाजपा ने देशहित में आंदोलन किए, नीतियां बनाई। उन्होंने कहा कि नरेंद्र भाई मोदी ने देश को आगे ले जाने के लिए दिन-रात मेहनत की है। पीएम मोदी ने विश्व पटल पर देश को अग्रिम पंक्ति में लाकर खड़ा कर दिया है।
भाजपा मुख्यालय में लोकतंत्र के काले दिन कार्यक्रम आयोजित
गौरतलब है कि भाजपा मंगलवार को आपातकाल लगाने के दिन को काले दिन के रूप में मना रही है। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में लोकतंत्र के काले दिन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।