किसान महापंचायत के बहाने कांग्रेस ने कृषि कानूनों पर साधा निशाना, एक साथ नजर आए गहलोत-पायलट

जयपुर। राजस्थान में कांग्रेस ने किसान महापंचायत आयोजित कर कृषि कानूनों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। इस सभा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट के अलावा प्रदेश प्रभारी अजय माकन, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कांग्रेस के सभी बड़े नेता शिरकत करने पहुंचे।

इस किसान महापंचायत में खास बात यह है कि करीब दो साल बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट एक ही हेलिकॉप्टर में बैठकर सभा में हिस्सा लेने पहुंचे। यह किसान महापंचायत मातृकुंडिया और बीदासर के पास पिलानिया की ढाणी में आयोजित की गई।

मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत ने केन्‍द्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि आज बॉर्डर पर किसान सर्दी में मर रहा है, ऐसा हिंदुस्तान के इतिहास में पहली बार हुआ है। दुनिया भारत की आलोचना कर रही है। किसान कह रहा है कि किसान कानून वापस ले लो। किसान के हित की बात कहने वाले लोग, आज कानून लेकर आ रहे हैं?

गहलोत ने कहा कि मोदी जी कहते रह गए अच्छे दिन आएंगे। क्या अच्छे दिन आ गए? लोग कहने लग गए कि मोदी जी आप तो हमें पहले वाले दिन वापस कर दो। ऐसे अच्छे दिन आए हैं कि किसान सड़क पर आ गए। भाषण के दौरान गहलोत ने खुद की तारीफ करते हुए कहा कि मैंने तीन घंटे बजट पढ़ा।