
जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने रविवार को जयपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मोदी सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि देश का संविधान खतरे में है और भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। इस मुद्दे पर कांग्रेस ने देशव्यापी अभियान छेड़ने का निर्णय लिया है। डोटासरा ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने 40 दिवसीय “संविधान बचाओ अभियान” की शुरुआत की है। यह निर्णय अहमदाबाद में आयोजित एआईसीसी बैठक और बेलगावी में हुई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में लिया गया था। अभियान के जरिए कांग्रेस देशभर में भाजपा की जनविरोधी नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी और संविधान के साथ हो रहे कथित खिलवाड़ के खिलाफ जनता को जागरूक करेगी।
28 अप्रैल को जयपुर में निकलेगी प्रदेश स्तरीय रैली
डोटासरा ने बताया कि 28 अप्रैल को जयपुर में एक विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों, मंडल, ब्लॉक व जिला स्तर के नेताओं से संवाद भी करेंगे।
जिले और विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचेगा अभियान
कांग्रेस अध्यक्ष ने जानकारी दी कि 24 अप्रैल को प्रदेश कांग्रेस की विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई है, जिसमें अभियान की रूपरेखा और जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। 3 से 10 मई के बीच सभी जिला मुख्यालयों पर जिला स्तरीय संविधान बचाओ रैलियों का आयोजन होगा। 11 से 17 मई तक प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में रैलियां निकाली जाएंगी, जिनका फोकस भाजपा द्वारा सामाजिक न्याय और समानता के साथ किए गए कथित विश्वासघात पर रहेगा।
घर-घर पहुंचेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता
डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जाकर जनसंपर्क करेंगे और घर-घर दस्तक देकर संविधान को बचाने का संदेश देंगे। भाजपा द्वारा संवैधानिक प्रावधानों के उल्लंघन और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बनाने की साजिशों को जनता के सामने उजागर किया जाएगा।
न्यायपालिका पर दबाव के आरोप
डोटासरा ने भाजपा पर न्यायपालिका को भी प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में ऐसे बयान सामने आए हैं जो न्यायपालिका को कमजोर करने की कोशिश के तौर पर देखे जा सकते हैं। यह एक तानाशाही सोच का उदाहरण है, जिसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी।