दुनिया में अब तक कोरोना के 2 करोड़ 67 लाख 7 हजार 48 मामले, डब्ल्यूएचओ ने कहा-2021 में आ सकती है वैक्सीन

वॉशिंगटपन। दुनिया में कोरोना वायरस के अब तक 2 करोड़ 67 लाख 75 हजार 48 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 88 लाख 84 हजार 512 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 8 लाख 78 हजार 150 लोगों की मौत हो चुकी है। वल्र्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा है कि 2021 के मध्य तक ही कोरोना वैक्सीन को दुनियाभर में पहुंचाया जा सकता है। डब्ल्यूएचओ की चीफ साइंटिस्ट डॉ. सौम्या स्वामीनाथन ने शुक्रवार को एक प्रेस ब्रीफिंग में इसकी जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि 2021 की दूसरी या तीसरी तिमाही तक दुनियाभर के देशों में वैक्सीन पहुंच सकती है। यह टाइमलाइन इस आधार पर तय की गई है कि दुनियाभर में जिन वैक्सीन का फेज-3 का ट्रायल चल रहा है वह इस साल के अंत तक पूरा होता नहीं दिख रहा। ट्रायल पूरा होने के बाद ही वैक्सीन का बड़े पैमाने पर उत्पादन किया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें-राजस्थान में आज 718 कोरोना संक्रमित केस

अमेरिका – फेज-3 के ट्रायल में पर्याप्त माइनॉरिटी शामिल नहीं

अमेरिका के संक्रामक रोग विशेषज्ञ एंथनी फॉसी ने कहा है कि वैक्सीनों के फेज-3 के ट्रायल में पर्याप्त रूप से माइनॉरिटी नहीं शामिल हैं। फॉसी ने कहा कि मॉडर्ना और फाइजर को ट्रायल में 37 प्रतिशत लैटिनो और 27 प्रतिशत अश्वेत शामिल करने चाहिए। मौजूदा समय में मॉडर्ना के ट्रायल में 16 प्रतिशत लैटिनो और 27 प्रतिशत अश्वेत शामिल हैं। इसी तरह फाइजर के ट्रायल में 11 प्रतिशत लैटिनो और 8 प्रतिशत अश्वेत हैं। फॉसी ने कहा कि ट्रायल में ज्यादा लैटिनो और अश्वेतों को शामिल करने से वैक्सीन का बेहतर रिजल्ट देखा जा सकता है।

ब्राजील – 51 हजार से ज्यादा नए मामले

ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि यहां 24 घंटे में 51 हजार 194 मामले आए हैं और 907 लोगों की मौत हुई है। देश में अब तक 40 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, 1.25 लाख से ज्यादा की जान जा चुकी है। संक्रमण के मामले में ब्राजील दुनिया में दूसरे नंबर पर है।

मैक्सिको – 24 घंटे में 522 की जान गई

मैक्सिको में बीते 24 घंटे में संक्रमण के 6196 नए मामले सामने आए हैं और 522 लोगों की जान गई है। देश में कुल 6 लाख 23 हजार 90 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 66 हजार 851 लोगों की मौत हुई है। सरकार का मानना है कि संक्रमित लोगों की वास्तविक संख्या अभी तक सामने आए मामलों से बहुत ज्यादा है।

न्यूजीलैंड – कुक आईलैंड के पूर्व पीएम की मौत

दक्षिण प्रशान्त महासागर के देश कुक आईलैंड के पूर्व प्रधानमंत्री जोसेफ विलियम्स की कोरोनावायरस से मौत हो गई है। वह इस समय न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में थे और एक डॉक्टर के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। न्यूजीलैंड के स्वास्थ्य मंत्रालय ने उनकी मौत की जानकारी दी। न्यूजीलैंड में अब तक 1767 मामले आ चुके हैं और 24 लोगों की जान गई है।