
ब्राजील में 80 हजार के पार पहुंचा मौतों का आंकड़ा, अमेरिका में 39.61 लाख मरीज
वॉशिंगटन। दुनिया में कोरोनावायरस के अब तक 1 करोड़ 48 लाख 59 हजार 811 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें 89 लाख 12 हजार 303 ठीक हो चुके हैं, जबकि 6 लाख 13 हजार 367 की मौत हो चुकी है।
अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा संक्रमित देश ब्राजील में 80 हजार से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। वहीं, 21 लाख से ज्यादा संक्रमित हैं। उधर, फ्रांस में संक्रमण के मामले बढऩे लगे हैं। देशभर में वायरस के 400 नए क्लस्टर मिले हैं।

6411 करोड़ रु. के राहत पैकेज पर सहमति
पांच दिनों की चर्चा के बाद यूरोपीय संघ के नेताओं ने कोरोनो वायरस संकट से उबरने के लिए 750 मिलियन यूरो (करीब 6,411 करोड़ रु.) के राहत पैकेज पर सहमति जताई है। चर्चा में 27 देश शामिल थे। सोशल मीडिया पर समझौते की घोषणा करते हुए यूरोपियन काउंसिल के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल ने बस ट्वीट किया- डील।
चीन-11 नए मामले मिले
चीन में 24 घंटे में संक्रमण के 11 नए मामले मिले हैं। देश में संक्रमितों की संख्या 83,693 हो चुकी है। एक दिन पहले यहां 22 मामले मिले थे। हेल्थ कमीशन के मुताबिक, सोमवार को मिले 11 मामले में से 8 शिजियांग प्रांत के हैं। वहीं, तीन अन्य केस बाहर से आए लोगों के हैं।
ट्रम्प ने कहा- मुझसे बड़ा कोई देशभक्त नहीं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को ट्वीट किया- अगर मास्क पहनना देशभक्ति है, तो यहां मुझसे बड़ा कोई देशभक्त नहीं है। वहीं, रविवार को फॉक्स न्यूज के इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि वे मास्क पहनने में विश्वास रखते हैं, लेकिन इससे कई दिक्कतें भी होती हैं।
फ्रांस-400 नए क्लस्टर मिले
फ्रांस के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। यहां वायरस के करीब 400 नए क्लस्टर मिले हैं। वहीं, फ्रांस पहला देश हैं, जहां दुकानों, रेस्टोरेंट और बैंक जैसी बंद जगहों पर भी मास्क पहनना होगा। नियम नहीं मानने वालों पर 135 यूरो ( 11,565 रु.) तक का जुर्माना भी लिया जा सकता है।
यह भी पढ़ें-ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में तैयार हुई कोरोना वैक्सीन का भारत में होगा ट्रायल
ब्राजील-80 हजार मौतें
ब्राजील में मरने वालों की संख्या 80 हजार से ज्यादा हो गई है। यहां 24 घंटे में 20 हजार से ज्यादा केस मिले हैं। इसके साथ ही देश में संक्रमितों की संख्या 21 लाख से ज्यादा हो गई है। अब तक 14 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं, ब्राजील के शिक्षा मंत्री मिल्टन रिबेरो और नागरिता मंत्री ओनिक्स लोरोंजोनी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। दोनों घर से काम करते रहेंगे।
कोलंबिया-मरीजों की संख्या 2 लाख के पार
कोलंबिया में 24 घंटे में 6727 नए मामले दर्ज किए गए। यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2 लाख 4 हजार 5 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि यहां एक दिन में 193 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों की संख्या 6929 हो गई है। कोलंबिया लैटिन अमेरिकी देशों की सूची में ब्राजील, मैक्सिको, पेरू और चिली के बाद पांचवें नंबर पर है।
इजराइल-नर्सें हड़ताल पर
इजराइल के अस्पतालों में स्टाफ की कमी और काम की खराब परिस्थितियों को लेकर नर्सें हड़ाल पर हैं। देश में अब तक 52 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 415 लोगों की जान जा चुकी है।