
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा हमला बोला। गुजरात दौरे पर गए सीएम भजनलाल ने गहलोत के एक्स पर किए तंज का जवाब दिया, जिसमें गहलोत ने भाजपा सरकार पर तंज कसा था। भजनलाल शर्मा ने कहा, “हम सरदार वल्लभभाई पटेल के स्मारक पर आए हैं। यहां से देश को मजबूत करने की प्रेरणा मिलती है। गहलोत मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। अगर उनमें अच्छे विचार होते तो कांग्रेस की देश में ऐसी दुर्गति नहीं होती। कभी सभी राज्यों में सरकार थी, अब दो राज्यों में सिमट गई है।”
दरअसल, मुख्यमंत्री और भाजपा विधायकों के गुजरात में प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने को लेकर अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर टिप्पणी की थी। उन्होंने लिखा कि जब भाजपा ने कांग्रेस सरकार गिराने की कोशिश की थी, तब हमें विधायकों को एकजुट रखने के लिए होटल में ठहराना पड़ा था ताकि भाजपा का प्रलोभन काम न करे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धनबल का इस्तेमाल करती है लेकिन उस समय सत्य की विजय हुई थी और कांग्रेस की सरकार चली थी।
गहलोत ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए लिखा कि यह पहली बार देखा जा रहा है कि सरकार बनने के डेढ़ साल बाद प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा हाईकमान को लगता है कि राजस्थान की सरकार अब तक असफल रही है, इसीलिए उसे प्रशिक्षण की जरूरत है? साथ ही उन्होंने गर्मी, बिजली-पानी की किल्लत और बिगड़ती कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए कहा कि जब जनता परेशान है, तब पूरी भाजपा सरकार गुजरात के एक आलीशान रिजॉर्ट में मौज-मस्ती कर रही है।