मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से वेदांताचार्य ध्यानाराम महाराज की शिष्टाचार भेंट, समाज उत्थान पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मंगलवार को ब्रह्मधाम आसोतरा के वेदांताचार्य डॉ. ध्यानाराम महाराज ने मुख्यमंत्री निवास पर शिष्टाचार भेंट की। यह भेंट आध्यात्मिक वातावरण में हुई जिसमें सामाजिक समरसता, शैक्षणिक प्रगति और सांस्कृतिक मूल्यों पर केंद्रित बातचीत हुई।

इस अवसर पर आहोर विधायक छगन सिंह राजपुरोहित और ब्रह्मधाम आसोतरा ट्रस्ट के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने डॉ. ध्यानाराम महाराज का दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया और उनके आध्यात्मिक, सामाजिक और शैक्षणिक योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजपुरोहित समाज समेत सभी समाजों के सर्वांगीण विकास के लिए संतों और आध्यात्मिक गुरुओं का मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार सामाजिक समरसता, शिक्षा और संस्कृति के संरक्षण एवं विकास के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।

वेदांताचार्य ध्यानाराम महाराज ने मुख्यमंत्री को ब्रह्मधाम आसोतरा ट्रस्ट द्वारा चलाए जा रहे शैक्षणिक एवं सेवा कार्यों की जानकारी दी और बताया कि कैसे समाज को आत्मनिर्भर और शिक्षित बनाने की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सरकार से इन प्रयासों को संस्थागत सहयोग देने का आग्रह किया।

बैठक में शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना, युवाओं के लिए धर्म और शिक्षा का समन्वय, तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा कार्यों के विस्तार जैसे विषयों पर भी विचार विमर्श किया गया।

यह भी पढ़े : रेलवन ऐप का शुभारंभ, रेलवे सेवाओं का एकीकृत समाधान अब मोबाइल पर उपलब्ध