
सामाजिक और विधिक क्षेत्र में सक्रिय योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिक की विदाई, अंतिम संस्कार आज
जोधपुर। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता दाऊलाल वैष्णव का मंगलवार सुबह एम्स जोधपुर में निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और हाल ही में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उन्होंने सुबह 11:52 बजे अंतिम सांस ली।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव अपने पिता के निधन की खबर सुनते ही जोधपुर पहुंचे और सीधे एम्स पहुंचे।

पाली जिले के जीवंद कला गांव के मूल निवासी दाऊलाल वैष्णव लंबे समय से जोधपुर के महावीर कॉलोनी, रातानाडा चौराहा क्षेत्र में निवास कर रहे थे। वे अपने गांव के पूर्व सरपंच रह चुके थे और जीवनभर सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे।
विधिक सेवा और सामाजिक योगदान
पेशे से वकील और कर सलाहकार, दाऊलाल वैष्णव ने जोधपुर में वर्षों तक विधिक सेवाएं प्रदान कीं। उनके निधन से पाली और जोधपुर क्षेत्र के सामाजिक और विधिक जगत में शोक की लहर है। उन्हें मिलनसार, विद्वान और जनकल्याणकारी सोच वाले व्यक्ति के रूप में याद किया जा रहा है।
उनके निधन की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों, समाज के प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शोक व्यक्त किया। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके निवास पर रखा गया है।
अंतिम यात्रा और श्रद्धांजलि
दाऊलाल वैष्णव का अंतिम संस्कार आज दोपहर जोधपुर के कागा स्थित वैष्णव समाज के श्मशान घाट पर किया जाएगा। अंतिम यात्रा में परिवारजन, रिश्तेदार, समाज के गणमान्य लोग और राजनीतिक व प्रशासनिक हस्तियां शामिल होंगी। उनके परिवार में पत्नी सरस्वती वैष्णव, बड़े पुत्र अश्विनी वैष्णव, और छोटे पुत्र आनंद वैष्णव हैं।
यह भी पढ़े :नेतन्याहू ने ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया