जनता के प्रति समर्पण ही जनप्रतिनिधियों की सबसे बड़ी कमाई : कटारिया

kataria gehlot

राजस्थान विधानसभा में गुलाब चन्द कटारिया का विदाई समारोह

असम में राज्यपाल के रुप में गुलाब चन्द कटारिया संविधान के मूल्यों की रक्षा करते हुए राजस्थान का मान-सम्मान बढाएंगे : मुख्यमंत्री अशोक गहलोत

जयपुर। असम के मनोनीत राज्यपाल एवं राजस्थान विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष गुलाब चन्द कटारिया ने कहा है कि जनप्रतिनिधि सदन में जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं। जनता उन्हें अपनी समस्याएं उठाने के लिए सदन में भेजती है। अगर हम जनता की सेवा करना चाहते हैं तो हमें सदन को अधिक से अधिक चलाना चाहिए। कटारिया राजस्थान विधानसभा के सभागार में आयोजित अपने विदाई समारोह को मुख्य अतिथि के तौर पर सम्बोधित कर रहे थे।

कटारिया ने कहा कि सदन में पक्ष और विपक्ष का संघर्ष वैचारिक होता है, ना कि व्यक्तिगत। उन्होंने कहा कि जनता के प्रति समर्पण ही हमारी सबसे बड़ी कमाई है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि राज्यपाल के रुप में अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान के उत्थान के लिए वे हमेशा समर्पित रहेंगे।

समारोह को सम्बोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने कहा कि वैचारिक निष्ठा से ही व्यक्ति ऊँचाई पर पहुंचता है। हमें वैचारिक दृष्टि से संसदीय लोकतंत्र को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कटारिया का उदाहरण देते हुए कहा कि संसदीय जीवन में वैचारिक आधार पर समर्पित होना जरुरी है। डॉ. जोशी ने विश्वास जताया कि राज्यपाल के रुप में कटारिया इस गरिमामयी पद को और ऊंचाइयां प्रदान करेंगे।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि असम में राज्यपाल के रुप में गुलाब चन्द कटारिया संविधान के मूल्यों की रक्षा करते हुए राजस्थान का मान-सम्मान बढाएंगे। हमें पूर्ण विश्वास है कि असम में निवासरत राजस्थानियों को घर के मुखिया जैसा अहसास होगा। गहलोत ने कहा कि लोकतंत्र में विचारधाराओं का वाद-विवाद होता है, व्यक्तिगत नहीं। यही लोकतंत्र की खूबसूरती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा सदस्यों को कटारिया के अनुभवों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।

समारोह में संसदीय कार्य मंत्री शान्ती कुमार धारीवाल ने आभार ज्ञापित करते हुए विधानसभा सदन से जुड़े कटारिया के विभिन्न प्रसंगों का उल्लेख किया। उप नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, सदन में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के नेता  पुखराज, सीपीआई (एम) के नेता बलवान पूनिया, भारतीय ट्राइबल पार्टी के नेता रामप्रसाद एवं सी.पी.ए. राजस्थान शाखा के सचिव संयम लोढा ने भी अपने उद्गार व्यक्त किए। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने स्मृति चिन्ह भेंट कर, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने साफा पहनाकर एवं शॉल ओढाकर तथा संसदीय कार्य मंत्री शान्ती कुमार धारीवाल ने श्रीफल एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर श्री कटारिया का अभिनन्दन किया।