
हिमाचल प्रदेश के मनोज कोहली बने महासचिव
रोहतक। बेसबॉल सॉफ्टबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के चुनाव वरिष्ठ अधिवक्ता एसएस सागवान एवं भारतीय ओलंपिक संघ के एक्सक्यूटिव मेंबर ओलंपियन मेडलिस्ट पहलवान योगेश्वर दत्त की मौजूदगी में कराए गए। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा करते हुए सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता एसएस सांगवान ने बताया कि डॉ. जोगिंदर सिंह को निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। राजस्थान के अनूप अस्थाना को वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया, जबकि हिमाचल प्रदेश के मनोज कोहली को महासचिव बनाया गया।

इनके अलावा हिमाचल प्रदेश के सुधीर महेंद्रू, उत्तराखंड के बीपीएस राणा, आसाम के डीडी खोंड (आईएएस), हरियाणा के राजीव दलाल व ओंकार सिंह सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष चुने गए जबकि कोषाध्यक्ष जम्मू कश्मीर के फिदा हुसैन बने। इसके अलावा वरिष्ठ संयुक्त सचिव पद पर मध्यप्रदेश के पंकज जैन का चुनाव हुआ। संयुक्त सचिव पंजाब के प्रमोद, छत्तीसगढ़ की तरन्नुम खान, बिहार के राजकुमार, चंडीगढ़ के मोहित बसराल, हरियाणा के अशोक परमार बने। इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. जोगिंदर सिंह ने सभी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। उक्त चुनाव रोहतक स्थित अप्सरा होटल के सभागार में आयोजित असाधारण आम सभा की बैठक में संपन्न हुआ, जिसमें देश भर के 25 प्रदेशों से आए पदाधिकारियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर डा. अस्थाना ने बताया कि बेसबॉल-सॉफ्टबॉल पूरी दुनिया के शीर्ष लोकप्रिय खेलों में से एक है। यह खेल विश्व के लगभग 170 देशों में खेला जाता है। बेसबॉल सॉफ्टबॉल अमेरिका का राष्ट्रीय खेल है। भारत में भी लंबे समय से यह खेल खेला जाता रहा है। दुनिया के समृद्ध देशों में देश बेसबॉल सॉफ्टबॉल की खासी लोकप्रियता है। कैरियर के रूप में इस खेल में खूब पैसा है। इस खेल की लोकप्रियता एवं वैश्विक संभावनाओं से हमारे खिलाडिय़ों को लाभ मिलेगा।
खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग
इस अवसर पर नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. जोगिंदर सिंह ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग है, खेलों से टीम भावना और अनुशासन पैदा होता है। खेलों से हमारे अंदर हार के बाद भी निरंतर आगे बढऩे की व संघर्ष की भावना पैदा होती है। खेल हमें देश प्रेम और एकता के सूत्र में पिरोते हैं। जब हमारे खिलाड़ी मेडल जीत कर लाते हैं तो पूरे देश में उत्साह और उमंग का माहौल बनता है। खेलों के माध्यम से बहुत से युवक- युवतियां अपना भविष्य बना रहे हैं। इस अवसर पर विशिष्ट अथिति इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की कार्यकारिणी के सदस्य पहलवान योगेश्वर दत्त ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि बेसबॉल सॉफ्टबॉल फेडरेशन इस खेल को और अधिक लोकप्रिय बनाने का पूरा प्रयास करेगी। इसके साथ ही हमारे खिलाडिय़ों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए तैयार करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि बेसबॉल सॉफ्टबॉल दुनिया का लोकप्रिय खेल है, इसमें कैरियर के रूप में भी अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने देश भर से आए सभी प्रतिनिधियों का स्वागत किया और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।
कार्यक्रम में विशेष रूप से पधारे निरंजनी अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी राघवेंद्र भारती ने आशीर्वाद देते हुए कहा कि खेल और खिलाड़ी समाज में देश का गौरव होते हैं। इनके माध्यम से ही समाज व राष्ट्र की खुशहाली प्रदर्शित होती है। खेल मनुष्य के स्वास्थ्य का आधार होते हैं, स्वस्थ व्यक्ति ही श्रेष्ठ समाज का निर्माण कर सकता है। हमारे जीवन में खेलों का बहुत अधिक महत्व है। उन्होंने कहा कि खेल संपूर्ण मानवता के लिए वरदान है, खेलों से आपसी प्रेम व भाईचारा बढ़ता है।
अस्थाना के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनने पर राजस्थान ओलंपिक के अध्यक्ष अरुण सारस्वत, राजस्थान तीरंदाजी संघ के सचिव सुरेंद्र सिंह गुर्जर, धौलपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव शर्मा,धौलपुर ओलिंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष उपेंदरदत्त शर्मा, पूर्व प्रधान मोनू जादौन, वरिष्ठ नेता प्रशांत हुंडावल, विवेक सिंह वोहरा, हॉकी धौलपुर के सचिव रणवीर परमार, रोटेरियन गौरव अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, डॉ. निखिल अग्रवाल, कोच शशांकज कौशिक,नीरज त्यागी, संघ के कोषाध्यक्ष विजय दिवाकर, के साथ सभी खेल प्रेमियों ने माला पहनाकर शुभकामनाएं और बधाई प्रेषित की।
यह भी पढ़ें : सफेद नमक का ऑल्टरनेटिव काला नमक, आज ही डाइट में शामिल करें