
नई दिल्ली। कांग्रेस ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा जो कि दो अक्टूबर से शुरु होनी थी उसे और पहले भी प्रारंभ किया जा सकता है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि सत्ता पक्ष की ओर से देश तोड़ने का माहौल बनाया जा रहा है। ऐसे में कांग्रेस महसूस कर रही है कि भारत जोड़ो यात्रा को तय तारीख से पहले शुरु किया जाए।
सिंह ने कहा कि इस यात्रा को सफल बनाने को लेकर आज प्रदेश कांग्रेस समितियों के अध्यक्षों और पदाधिकारियों के साथ पार्टी मुख्यालय में संवाद किया गया और अभियान को सफल बनाने को लेकर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकालेगी । यात्रा 12 राज्यों और दो केन्द्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। इस दौरान कांग्रेस नेता भाजपा की दमनकारी नीतियों से जनता को अवगत कराएंगे और राष्ट्र को एक सूत्र में बांधने वाली कांग्रेस की विचारधारा और विकास मॉडल के बारे में लोगों को बताएंगे।
सिंह ने कहा कि देश में महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है, आए दिन दंगे हो रहे हैं। राजनीतिक फायदे के लिए वर्तमान सरकार सामाजिक तानेबाने को बिगाड़ रही है। ऐसे में कांग्रेस जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा भारत को तोड़ने में जुटी है। इसी के जवाब में कांग्रेस भारत को जोड़ने में जुटेगी।