भाजपा सांसद का विवादित बयान, कहा-याद रखना तृणमूल के नेताओं को भी दिल्ली आना है

पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद सियासी हिंसा शुरू हो गई है। नतीजे वाले दिन ही कोलकाता में बीजेपी के दफ्तर में आग लगा दी गई थी।

सोमवार को भी पार्टी के दो कार्यकर्ताओं की पीट-पीटकर हत्या की खबर है। इस बीच पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा सांसद परवेश साहिब सिंह ने विवादित बयान दिया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि तृणमूल के नेताओं को भी दिल्ली आना है।

उन्होंने कहा कि टीएमसी के गुंडों ने चुनाव जीतते ही हमारे कार्यकर्ताओं को जान से मारा। कार्यकर्ताओं की गाडिय़ां तोड़ीं।

उपद्रवी उनके घरों को आग के हवाले कर रहे हैं। याद रखना टीएमसी के सांसद , मुख्यमंत्री, विधायकों को भी दिल्ली आना होगा। इसको चेतावनी समझ लेना। चुनाव में हार जीत होती है, मर्डर नहीं।

उधर, उत्तराखंड से भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने भी तृणमूल हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एक वीडियो भी शेयर किया। उन्होंने लिखा, तो बंगाल में हिंसा की ये स्क्रिप्ट पहले ही लिखी जा चुकी थी।

खुद ममता बनर्जी ने मार्च में कह दिया था कि सेंट्रल फोर्स तो चली जाएगी। फिर कौन बचाएगा? उसके बाद तो हम ही होंगे। यानी बंगाल में हिंसा का जो खेल चल रहा है, वो टीएमसी ने पहले ही तय कर रखा था। शर्मनाक!

यह भी पढ़ें- रिटर्निंग ऑफिसर को जान से मारने की धमकी दी गई थी: ममता बनर्जी