
जयपुर। प्रदेश में महिलाओं, बच्चियों के साथ दुष्कर्म, गैंगरेप एवं दलितों पर बढ़ते अत्याचारों के खिलाफ भाजपा का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमण्डल भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां की अगुवाई में कांग्रेस की गहलोत सरकार के खिलाफ राज्यपाल महोदय को 07 अक्टूबर दोपहर 01 बजे ज्ञापन सौंपेगा। प्रतिनिधिमण्डल में डाॅ. पूनियां के साथ नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ सहित पांच सदस्य होंगे।
उल्लेखनीय है कि, राज्य में महिलाओं, बच्चियों एवं दलित अत्याचारों के विरुद्ध 05 अक्टूबर को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां के आह्वान पर गहलोत सरकार के खिलाफ प्रदेश के सभी जिलों में भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सांसदों, विधायकों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, पूर्व सांसदों-विधायकों ने प्रदर्शन कर कलेक्टरों को ज्ञापन सौंपे। डाॅ. सतीश पूनियां के नेतृत्व में जयपुर में भाजपा प्रदेश कार्यालय से सिविल लाइन्स फाटक तक मार्च निकाला गया, इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने गहलोत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर मोर्चा खोला।
डाॅ. पूनियां ने ट्वीट कर, सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक श्री कैलाश त्रिवेदी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि, श्री कैलाश त्रिवेदी के निधन की खबर पाकर अत्यंत दुख पहुंचा। परिवारजनों को मेरी गहरी संवेदनाएं एवं ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।