पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं के कारण मानसून की गति थमी, गर्मी का असर फिर तेज होने लगा

प्रदेश में मानसून के आगमन भले ही आज से 10 दिन पहले हो गया हो, लेकिन बीते 5-6 दिन से स्थितियां अनुकूल नहीं होने से मानसून आगे बढऩे की गति थम गई है। इसके पीछे कारण पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं को माना जा रहा है। इसके कारण न केवल मानसून की गति थमी है, बल्कि प्रदेश में गर्मी का असर भी तेज हो गया है। आज भी राज्य में अधिकांश जगह तेज गर्मी और उसम है।

हर बार की तरह इस बार मानसून राज्य में प्रवेश करते ही कमजोर पड़ गया। तय समय से सात दिन पहले यानि 18 जून को प्रदेश में एंट्री करने के बाद शुरूआती दिनों में करीब डेढ़ दर्जन जिलों में ठीक-ठाक बारिश हुई है, लेकिन जैसे ही पश्चिमी क्षेत्र पाकिस्तान से गर्म हवाओं का दौर शुरू हुआ तो मानसून कमजोर पडऩे लग गया। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो पश्चिमी हवाओं की सक्रियता बढऩे से दक्षिण और पूर्वी क्षेत्र से जो हवाएं मानसून को आगे बढ़ाती है उनका प्रभाव कम हो गया।

इस कारण पिछले 5-6 दिन से मानसून मध्य राजस्थान से उत्तरी इलाकों की तरफ आगे बढ़ ही नहीं पाया। फिलहाल मानसून की उत्तरी रेखा बाड़मेर, भीलवाड़ा और धौलपुर में ही अटकी हुई है। मौसम विभाग की माने तो अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में पश्चिमी हवाओं का असर बना रह सकता है।

यह भी पढ़ें-ऑनलाइन सेशन में फिल्म स्क्रिप्ट राइटर एंड स्टोरी टैलर सौरभ रतनु ने अपनी जर्नी और अनुभव साझा किए

Advertisement