वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए डुप्लांटिस और सिमोन बाइल्स

डुप्लांटिस और सिमोन बाइल्स

नई दिल्ली। मैड्रिड में सोमवार को आयोजित हुए 2025 लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स में खेल जगत की कई बड़ी हस्तियों को सम्मानित किया गया। इस समारोह में स्वीडन के पोल वॉल्ट खिलाड़ी आर्मंड डुप्लांटिस और अमेरिका की दिग्गज जिम्नास्ट सिमोन बाइल्स ने क्रमशः वर्ष के सर्वश्रेष्ठ पुरूष और महिला खिलाड़ी का पुरस्कार जीता।

डबल ओलंपिक चैंपियन और विश्व रिकॉर्डधारी आर्मंड डुप्लांटिस को साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी का पुरस्कार प्रदान किया गया। 25 वर्षीय डुप्लांटिस ने टेनिस स्टार नोवाक जोकोविच, फॉर्मूला वन विश्व चैंपियन मैक्स वेरस्टापेन और फ्रांस के तैराक लियोन मार्चांद को पीछे छोड़ते हुए यह सम्मान हासिल किया। एथलेटिक्स में यह पुरस्कार पाने वाले वह यूसेन बोल्ट के बाद दूसरे खिलाड़ी बने।

अमेरिका की प्रसिद्ध जिम्नास्ट सिमोन बाइल्स को साल की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का पुरस्कार मिला। बाइल्स ने पेरिस ओलंपिक में तीन स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर यह उपलब्धि प्राप्त की। बाइल्स ने यह पुरस्कार चौथी बार जीतकर सेरेना विलियम्स के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। उन्होंने कहा, “2017 में मैंने यह पुरस्कार पहली बार जीता था और तब से लॉरियस मेरी कहानी का हिस्सा रहा है। हो सकता है, कोई छोटी बच्ची मुझे टीवी पर देखकर यह सोच ले कि वह भी यह कर सकती है।”