
-
अरावली पहाड़ी शृंखला के गांव पूज्यचरणों से बन रहे पावन
-
करीब 10 कि.मी. का विहार कर शांतिदूत पहुंचे उजडेश्वर गांव
जलतेदीप विसं, उजडेश्वर (अरवल्ली)। गुजरात की धरा पर गतिमान जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ के ग्यारहवें अनुशास्ता, महामना आचार्यश्री भिक्षु के परंपर पट्टधर, शांतिदूत आचार्यश्री महाश्रमणजी अपनी धवल सेना के साथ गुजरात के अरवल्ली जिले में गतिमान हैं। आचार्यश्री की पदरज को प्राप्त कर अरावली पहाड़ी श्रृंखला के आसपास बसे गांव और नगर पावनता को प्राप्त हो रहे हैं। प्रात:काल बायड नगर ने महातपस्वी ने मंगल प्रस्थान किया और लगभग दस किलोमीटर का विहार कर अरवल्ली जिले के उजडेश्वर गांव में पधारे। गांव में स्थित श्री एस.वी.टी. कैंपस परिसर में पधारे। आचार्यश्री का आज का प्रवास यहीं निर्धारित था। विद्या संस्थान के परिसर में ही आयोजित प्रात:कालीन मुख्य मंगल प्रवचन कार्यक्रम में युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमणजी ने श्रद्धालु जनता को पावन प्रतिबोध प्रदान करते हुए कहा कि यह पुरुष अनेक चित्तों वाला होता है। चित्त का एक अर्थ चैतन्य आत्मा भी कर सकते हैं। हरियाली, पानी आदि सचित्त है। चित्त का एक दूसरा अर्थ मन भी होता है। जैसे आज मेरा चित्त प्रसन्न है।
आदमी के भीतर भावधारा भी है। पच्चीस बोल में छह तरह की लेश्याएं बताई गई हैं। इनमें प्रथम तीन लेश्याएं अशुभ और शेष तीन लेश्याएं शुभ होती हैं। सामान्य भाषा में कहें तो आदमी की भावधारा कभी अच्छी तो कभी बुरी भी होती है। मन जिस प्राणी को भी होता है, वह महत्त्वपूर्ण होता है। दुनिया ऐसे अनेक प्राणी ऐसे भी हैं, जिनके मन का विकास नहीं होता। मन का होना विकास होने का एक प्रमाण होता है। मन वाला प्राणी बहुत बढ़िया कार्य भी कर सकता है तो बहुत घटिया कार्य भी कर सकता है। जिनके मन नहीं होता वे न तो धर्म की विशेष साधना कर सकते हैं और न ही बहुत ज्यादा पाप कर पाते हैं, किन्तु मन वाला प्राणी बहुत ज्यादा पाप करके सबसे अधोगति अर्थात् सातवें नरक तक जा सकता है
तो बहुत उच्च कोटि की साधना कर सर्वाधिक उच्च स्थान मोक्ष को भी प्राप्त कर सकता है। मन एक ऐसी शक्ति है, जिसका दुरुपयोग हो तो अधोगति की प्राप्ति हो सकती है और अच्छा सुदपयोग हो जाए तो सर्वाधिक ऊर्ध्वारोहण हो सकता है। आदमी अपने मन अर्थात् चित्त को निर्मल बनाने का प्रयास करना चाहिए। जितना भी संभव हो मन में अच्छे विचार आएं, ऐसा प्रयास करना चाहिए।
आचार्यश्री ने आगे कहा कि वर्तमान में प्रेक्षाध्यान का पचासवां वर्ष ‘प्रेक्षाध्यान कल्याण वर्ष चल रहा है। इसमें आदमी को अपने श्वास की प्रेक्षा का प्रयास हो। ध्यान, स्वाध्याय हो। अच्छी पुस्तकों को पढ़ें तो अच्छे विचार भी आ सकते हैं। चित्त को शुद्ध बनाने का प्रयास होता रहे। श्री एस.वी.टी. कैंपस की ओर से शिक्षक श्री शम्भूभाई खाट ने अपनी भावाभिव्यक्ति दी और आचार्यश्री से मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।