आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का सबसे अंधकारमय काल : मदन राठौड़

मदन राठौड़
मदन राठौड़

जयपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष अंकित चेची के नेतृत्व में शनिवार को जयपुर ग्रेटर नगर निगम के सभागार में “आपातकाल” की 50वीं बरसी के अवसर पर एक विशेष मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने की। राठौड़ ने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे अंधकारमय काल बताया और युवाओं से अपील की कि वे लोकतांत्रिक संस्थाओं की मर्यादा को बनाए रखने के लिए सजग रहें। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को 25 जून 1975 का काला दिवस के बार में जानना चाहिए। कांग्रेसी नेताओं ने निरंकुश होकर जनता के मौलिक अधिकारों का हनन किया और जनता के साथ लोकतंत्र के चौथे स्तंभ प्रेस की आजादी तक छीन ली।

भाजयुमो द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम एक प्रेरणास्पद पहल के रूप में उभरा, जो भविष्य में युवाओं को जागरूक और सक्रिय नागरिक बनने की दिशा में मार्गदर्शन करता रहेगा। भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष अंकित चेची ने कहा कि आपातकाल भारतीय संविधान और जनता की स्वतंत्रता पर किया गया कुठाराघात था, जिसे आज की पीढ़ी को जानना और समझना अत्यंत आवश्यक है। मॉक पार्लियामेंट का यह आयोजन उसी कड़ी में एक प्रयास है। इस आयोजन का उद्देश्य आपातकाल के काले अध्याय को स्मरण कर युवाओं को भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के प्रति जागरूक करना था। इस आयोजन ने न केवल युवाओं को राजनीतिक चेतना से जोड़ा, बल्कि उन्हें लोकतांत्रिक प्रणाली की बारीकियों को समझने का अवसर भी प्रदान किया। मॉक पार्लियामेंट के माध्यम से युवाओं ने अपने विचारों को अभिव्यक्त किया और भारतीय लोकतंत्र की मजबूती में अपने दायित्व को पहचाना।

चेची ने बताया कि मॉक पार्लियामेंट विभिन्न सत्रों में आयोजित की गई, जिनकी अध्यक्षता क्रमशः विधायक गोपाल शर्मा, भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष अंकित चेची, राजेंद्र शेखावत और प्रमोद वशिष्ठ ने की। प्रतिभागियों ने संसद की कार्यवाही का जीवंत चित्रण करते हुए उस समय की परिस्थितियों, विरोधों एवं नागरिक अधिकारों के हनन पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में 300 से अधिक प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया, जिनमें से चार प्रमुख वक्ताओं को विशिष्ट सम्मान से नवाजा गया। इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके योगदान को सराहा गया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में निर्णायक मंडल की भूमिका भी सराहनीय रही। इसमें जीएस राजपुरोहित, सौरभ सारस्वत, भाग्य श्री सैनी एवं बीडी रावत शामिल रहे। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय मंत्री पूजा कपिल मिश्रा,जयपुर शहर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह पुरूवंशी, कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक नरपतदान चारण, कार्यक्रम के प्रदेश सह-संयोजक लोहित सिंह चौहान, दीपक शर्मा, अर्जुन सिंह धाबाई, अभिमन्यु सिंह राव, विशाल भारद्वाज, मानवेंद्र सिंह, दीपक मेहरा सहित अन्य कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।