‘रामायण’ के राम से बेहद खास हैं इस हीरोइन का रिश्ता

यहां जानें अभिनेत्री के बारे में दिलचस्प बातें

बॉलीवुड इंडस्ट्री की खूबसूरत अभिनेत्री तबस्सुम किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। अभिनेत्री सिनेमा की दुनिया में बेबी तबस्सुम के नाम से मशहूर हैं, जिन्होंने टीवी की दुनिया में भी अपनी एक खास पहचान बनाई है। आज तबस्सुम अपना 78वां जन्मदिन मना रही हैं। अभिनेत्री ने इस इंडस्ट्री में काफी कम उम्र में कदम रख दिया था। छोटी सी उम्र में ही उन्होंने कई दिग्गज कलाकारों के साथ काम किया। 40 और 50 के दशक में बतौर बाल कलाकार वह कई हिट फिल्मों में नजर आईं, जिसमें बहार और जोगन जैसी फिल्में शामिल हैं। इसके अलावा, टीवी की दुनिया में उन्होंने पहला टॉक शो शुरू किया था। लेकिन इन सबके बीच अभिनेत्री की निजी जिंदगी भी काफी खास है। आज खास मौके पर हम आपको अभिनेत्री की कुछ दिलचस्प बातें बता रहे हैं।

ऐसे शुरू हुआ तबस्सुम का करियर

9 जुलाई 1944 को जन्मीं तबस्सुम अयोध्या से ताल्लुक रखती हैं। खास बात यह है कि उनका जन्म स्वतंत्रता सेनानी के परिवार में हुआ। उनके पिता अयोध्यानाथ सचदेव और असगरी बेगम स्वतंत्रता सेनानी थे। हालांकि, अभिनेत्री की पढ़ाई-लिखाई मुंबई में हुई। दावा किया जाता है कि जब तबस्सुम ने फिल्मी दुनिया में कदम रखा था, तब वह महज तीन साल की थीं। साल 1947 में रिलीज हुई फिल्म मेरा सुहाग में उन्होंने बाल कलाकार की भूमिका निभाई थी। तबस्सुम ने फिल्म दीदार में नरगिस के बचपन का किरदार निभाकर दर्शकों के दिलों को जीत लिया था। इसके बाद वह कई फिल्मों में नजर आईं।

टीवी पर शुरू किया पहला टॉक शो

तबस्सुम ने फिल्मी दुनिया में अच्छा-खासा सफर तय करने के साथ ही टीवी की ओर कदम बढ़ा दिए थे। उन्होंने पहले भारतीय टेलीविजन टॉक शो फूल खिले हैं गुलशन गुलशन की शुरुआत की। इस शो में वह सिनेमा जगत से जुड़े लोगों से खास बातचीत करती थीं। शो को दर्शकों का खूब प्यार मिला और इसी वजह से तबस्सुम का यह शो दूरदर्शन पर एक या दो नहीं बल्कि पूरे 21 साल तक प्रसारित हुआ। इस शो की शुरुआत साल 1972 में हुई थी और यह 1993 तक चला था। हालांकि, तबस्सुम की जर्नी यहीं खत्म नहीं होती। उन्होंने एक हिंदी पत्रिका में बतौर संपादक 15 वर्षों तक काम किया है।

अरुण गोविल से है खास रिश्ता

'रामायण' के राम से बेहद खास हैं इस हीरोइन का रिश्ता

तबस्सुम के करियर की तरह उनकी निजी जिंदगी भी काफी खूबसूरत है। उन्होंने मशहूर धारावाहिक रामायण के राम यानी अरुण गोविल के भाई विजय गोविल से शादी रचाई है। ऐसे में तबस्सुम और अरुण गोविल का रिश्ता भी खास है। तबस्सुम और विजय गोविल का एक बेटा है, जिसका नाम होशांग है।

यह भी पढ़ें : शादी के 10 साल बाद भी मां बनने को तैयार नहीं राम चरण की पत्नी उपासना