
पारा 45 डिग्री तक पहुंचा, अमेरिका में 67 साल का रिकॉर्ड टूटा
फीनिक्स। सूर्य देव भारत में ही नहीं अमेरिका में भी कहर बरपा रहे हैं। बेहद ठंडा देश माना जाने वाला अमेरिका भी इन दिनों गर्मी की चपेट में हैं। हीटवेव का असर अमेरिका में होने के कारण मंगलवार को करोड़ों लोगों के लिए हेल्थ अलर्ट एडवाइजरी जारी किया गया है। फिनिक्स में पारा 45 डिग्री पहुंच गया है, वहीं गर्मी के मौसम के शुरुआती हफ्ते में ही शिकागो समेत कई शहरों में गर्मी के रिकॉर्ड बन रहे हैं।
अमेरिका के फीनिक्स में तापमान 44.4 डिग्री पहुंचा
फीनिक्स में शनिवार को तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मध्य-पश्चिम के राज्यों में सोमवार को भीषण गर्मी पड़नी शुरू हो गई है, जिसे राष्ट्रीय मौसम सेवा ने खतरनाक और लंबी अवधि की गर्मी की लहर कहा है। इसके कम से कम शुक्रवार तक आयोवा से मेन तक फैलने की आशंका है।
शिकागो 1957 के बाद सबसे गर्म
शिकागो ने सोमवार को 36.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ 1957 का रिकॉर्ड तोड़ दिया। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने एक्स पर किए पोस्ट में कहा है कि शिकागो में गर्म और उमस भरे मौसम के जारी रहने का अनुमान है, यह इस सप्ताह में 37.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
1936 में भी थे यही हालात
अमेरिका ने पिछले वर्ष भी 1936 के बाद रिकॉर्ड दो दिन तक असामान्य गर्म मौसम का सामना किया था। फीनिक्स में स्थिति सबसे खतरनाक रही थी, जहां गर्मी से संबंधित कारणों से 645 लोगों की मौत हो गई थी, जो एक रिकॉर्ड था। अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने को कहा है।
यह भी पढ़ें:मक्का में गर्मी से 577 जायरीनों की मौत