सुशांत सिंह राजपूत की याद में फैंस ने लगाए 1 लाख से ज्यादा पौधे

सुशांत सिंह राजपूत की याद में PlantsySSR अभियान का साथ देते हुए दुनियाभर के उनके फैंस ने 1 लाख से ज्यादा पौधे लगाए। इस बात की जानकारी अभिनेता की बड़ी बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए दी। उन्होंने ही सुशांत का 1 हजार पौधे लगाने का सपना पूरा करने के लिए फैंस से 13 सितंबर को पौधे लगाने की अपील की थी।

वीडियो शेयर करते हुए श्वेता ने लिखा, PlantsySSR दुनियाभर में 1 लाख से ज्यादा पेड़ लगाए गए। PlantsySSR इसे संभव बनान के लिए आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। सुशांत की पूर्व गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे के अलावा उनके दोस्त महेश शेट्टी और फिल्म मेकर मुकेश छाबड़ा ने भी अभियान में हिस्सा लेते हुए पौधे लगाए।

श्वेता ने जो वीडियो शेयर किया उसमें दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग उम्र के लोग सुशांत की याद में पौधा लगाते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं बैकग्राउंड में सुशांत की डेब्यू फिल्म काय-पो-चे का गाना मांजा बजता हुआ सुनाई दे रहा है।

हम आपके आभारी हैं

वीडियो की शुरुआत इस पंक्ति के साथ होती है, जिसमें लिखा रहता है, सुशांत ने 1000 पेड़ों का सपना देखा और आपने उसके सपने को पंख दिए, जिसके वो हकदार थे। वहीं वीडियो के अंत में आभार जताते हुए लिखा है, सुशांत के सपने को साकार करने के लिए धन्यवाद, जबरदस्त प्रतिक्रिया, पूरे विश्व में 1 लाख से ज्यादा पेड़ लगाए गए हैं। हम आपके आभारी हैं।

याद दिलाने के लिए भी शेयर की थी पोस्ट

इससे पहले शनिवार को भी एक पोस्ट शेयर करते हुए श्वेता ने पौधे लगाने के अभियान के बारे में सुशांत के फैंस को याद दिलाया था। जिसमें उन्होंने लिखा था, और हमारे कल के अभियान PlantySSR को न भूलें। हमारे प्यारे सुशांत के लिए आप लोगों को पेड़ लगाते हुए देखने का अब और इंतजार नहीं हो रहा। हमारे स्टार को उसके सपनों को पूरा करते हुए याद करने का ये कितना अद्भुत रचनात्मक तरीका है।

सुशांत ने पिछले साल बताए थे अपने 50 सपने

सुशांत ने ठीक एक साल पहले यानी 14 सितंबर 2019 को एक पोस्ट शेयर करते हुए अपने 50 सपनों की विश लिस्ट के बारे में बताया था। इसे शेयर करते हुए उन्होंने लिखा था- मेरे 50 सपने और गिनती जारी है…इस दौरान उन्होंने अपना सबसे पहला सपना प्लेन उड़ाना सीखना बताया था, वहीं आखिरी सपने के तौर पर ट्रेन से यूरोप घूमने के बारे में लिखा था। इन्हीं में से 11वें नंबर का सपना 1 हजार पौधे रोपना था।