
मुंबई,। फिल्म अभिनेता सलमान खान शुक्रवार को मुंबई पुलिस आयुक्त विवेक फलसणकर से मिले। उन्होंने हथियार का लाइसेंस लेने के लिए आवेदन भी पुलिस आयुक्त कार्यालय में जमा किया है।
बिश्नोई गिरोह से जान से मारने की धमकी मिलने के बाद सलमान खान के पिता सलीम खान को कुछ दिन पहले एक धमकी भरा पत्र मिला था। इसकी शिकायत सलीम खान ने पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई थी। मामले की गहन छानबीन के बाद सलमान खान के आवास की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई थी। साथ ही उनके घर तथा आस पास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच पुलिस ने की थी। मामले की छानबीन दिल्ली पुलिस ने भी की थी।
इसी सिलसिले में आज सलमान खान मुंबई पुलिस आयुक्त से मिले थे। पुलिस आयुक्त से चर्चा करने के बाद सलमान खान ने बताया कि विवेक फलसणकर उनके पुराने मित्र हैं। पुलिस आयुक्त बनने के बाद वे विवेक फलसणकर को शुभकामना देने आए थे। उन्होंने हथियार के आवेदन देने संबंधी पत्रकारों के सवाल का जवाब टाल दिया। हालांकि सूत्रों ने बताया कि उन्होंने आज हथियार के लिए आवेदन किया है और इसी संदर्भ में पुलिस आयुक्त से चर्चा की है।