
भगवा चोला, हाथ में रुद्राक्ष की माला में दिखे नरेंद्र मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार शाम को तमिलनाडु के कन्याकुमारी में प्रसिद्ध विवेकानंद रॉक मेमोरियल में अपना 45 घंटे का ध्यान शुरू किया।
अपने व्यस्त लोकसभा चुनाव अभियान को समाप्त करने के बाद, वह नौका सेवा से रॉक मेमोरियल पहुंचे। कुछ घंटों बाद, उन्होंने अपना ध्यान शुरू किया जो 1 जून तक चलेगा। ध्यानमग्न मोदी की पहली तस्वीरें सामने आई हैं। भगवा चोला, हाथ में रुद्राक्ष की माला लिए वे ध्यान लगाए बैठे हैं। यह वही स्थान जहां स्वामी विवेकानंद ने 1892 में भारत के भविष्य की स्पष्ट दृष्टि प्राप्त करने के लिए ध्यान किया था। यह हिंद महासागर, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर का मिलन बिंदु भी है। कन्याकुमारी में पीएम मोदी के पहले दृश्य में उन्हें दार्शनिक-संत स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के सामने ध्यान करते हुए दिखाया गया था।

केवल तरल आहार लेंगे नरेंद्र मोदी
आइए जरा जान लें कि 45 घंटे के ध्यान के दौरान पीएम मोदी की दिनचर्या कैसी रहेगी। जानकारी के अनुसार, 45 घंटे के दौरान पीएम मोदी सिर्फ तरल आहार लेंगे। वो नारियल पानी का सेवन करेंगे। अंगूर के जूस का सेवन करेंगे। प्रधानमंत्री इस दौरान मौनव्रत का पालन करेंगे।

देवी पार्वती ने एक पैर पर खड़े होकर भगवान शिव का किया था इंतजार
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, देवी पार्वती ने इसी स्थान पर एक पैर पर खड़े होकर भगवान शिव का इंतजार किया था। दरअसल विवेकानंद रॉक मेमोरियल का स्थान स्वामी विवेकानंद के जीवन में सबसे अहम माना जाता है। जिस तरह से गौतम बुद्ध ने सारनाथ में अपना पहला उपदेश दिया था । उसी तरह पूरे देश का भ्रमण करने के बाद स्वामी विवेकानंद के ध्यान में भारत माता का विकसित स्वरूप सामने आया था।

पुलिस की जबरदस्त तैनाती
विवेकानंद रॉक मेमोरियल के आस-पास 2,000 पुलिसकर्मियों के साथ-साथ विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की मौजूदगी है। यही नहीं, भारतीय तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना भी समुद्री सीमाओं पर निगरानी बनाए रखे हुए हैं।
यह भी पढ़ें:भारत ब्रिटेेन से वापस लाया 100 टन सोना