
जयपुर। गौसेवा समिति राजापार्क के अध्यक्ष एवं आदर्श नगर से भाजपा प्रत्याशी रवि नैय्यर ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने उद्देश्य से होलिका दहन में देसी गौमाता के गौकाष्ठ का उपयोग करने के लिए लोगों को प्रेरित करने हेतु आज आर्य समाज राजापार्क में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए रवि नैय्यर ने कहा कि औद्योगिकरण के इस युग में पर्यावरण प्रदूषण संपूर्ण मानव जाति के लिए बहुत बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। वैज्ञानिक दृष्टि से पर्यावरण संरक्षण, तापमान नियंत्रण, जलवायु परिवर्तन एवं पृथ्वी पर संपूर्ण जीवन चक्र में पेड़ों का अत्यंत महत्व है।

पेड़ों के महत्व को देखते हुए होलिका दहन एवं अन्य धार्मिक व सामाजिक अनुष्ठानों में देसी गौमाता के गौकाष्ठ का उपयोग करके हम प्रतिवर्ष लाखों पेड़ों को कटने से बचा सकते हैं। यह वैज्ञानिक दृष्टि से प्रमाणिक है कि पेड़ वातावरण की जहरीली गैसों को अवशोषित करके आक्सीजन का उत्सर्जन करते हैं और वातावरण में प्राण वायु की निरन्तर आपूर्ति करते हैं।
गौसेवक रवि नैय्यर ने आगे कहा कि यह भी प्रमाणिक सत्य है कि देसी गौमाता के गौकाष्ठ के दहन से हवा में घुले हानिकारक कीटाणु नष्ट होते हैं और आसपास का वातावरण शुद्ध होता है जिससे हम अनेक बीमारियों से बच सकते हैं।
इसलिए आज हमें खुद भी संकल्प लेना है और अधिक से अधिक लोगों को जागरूक भी करना है कि होलिका दहन एवं अन्य सामाजिक व धार्मिक अनुष्ठानों में लकड़ी का नहीं गौकाष्ठ का उपयोग करना है तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपने दायित्वों को पूरा करना है।
20 वर्षों से गौसेवा के कार्य में लगे भाजपा नेता रवि नैय्यर ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से जयपुर शहर की विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक, धार्मिक एवं विकास समितियों से संपर्क कर लोगों को गौकाष्ठ से होलिका दहन के लिए प्रेरित किया जा रहा है ।
इस वर्ष शहर में लगभग 2000 स्थानों पर होलिका दहन में गौकाष्ठ के उपयोग से लगभग 3000 पेड़ों को कटने से बचाया जा सकेगा। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी आर्य समाज राजापार्क में 50 रुपए, 100 रुपए एवं 200 रुपए की पैकिंग में गौकाष्ठ उपलब्ध है। गौकाष्ठ की बिक्री से एकत्र हुआ सारा धन गौशालाओं में जमा करवाया जाता है जो गौमाता के भरण पोषण के लिए उपयोग में लिया जाता है।
इस अवसर पर जयपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित सिंह सांचोरा, पंडित कपिल हर्ष, राजापार्क व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष राजीव आहूजा, महामंत्री मेहर परनामी, गौसेवा समिति के संजीव नारंग, परमजीत सिंह कपूर (लक्की), जितेंद्र सचदेवा, राजीव अरोड़ा, राहुल श्रीवास्तव, सुनील शर्मा, जोगिंदर सिंह, भानु प्रताप सिंह, जगदीश खत्री, गुलशन मक्कड़, सुनील वर्मा एवं अन्य कार्यकर्ता साथ रहे।