
सर्दियों में खुद को ठंड से बचाने के लिए शरीर को गर्म और हेल्दी बनाए रखना बेहद जरूरी होता है। इसलिए रात को सोने से पहले दूध में कुछ खास चीजें मिलाकर पीने से न केवल इम्युनिटी मजबूत होती है, बल्कि ठंड से होने वाली बीमारियों से भी बचाव होता है। आयुर्वेद में दूध को पौष्टिक और रोग प्रतिरोधक शक्ति बढ़ाने वाला माना गया है। ऐसे में इसमें कुछ खास चीजें डालकर पीने से इसकी पौष्टिकता और भी ज्यादा बढ़ जाती है। शायद यही वजह भी है कि हमारी दादी-नानी कभी भी हमें कभी दूध अकेला नहीं देती थीं और इसमें कुछ न कुछ मिलाकर ही पीने को देती थीं। तो आइए जानें इन चीजों के बारे में जो सर्दियों में हमारे और आपके लिए फायदेमंद हो सकती हैं।
हल्दी

हल्दी में मौजूद करक्यूमिन एक ऐसा तत्व है जो सूजन और बैक्टीरिया से लडऩे में बहुत प्रभावी है। दूध में हल्दी मिलाकर पीने से गले की खराश, सर्दी-जुकाम और शरीर में दर्द में आराम मिलता है। यह हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाता है।
शहद
शहद और दूध का मिश्रण गले को शांत करता है, खांसी को कम करता है और अच्छी नींद आने में मदद करता है। शहद में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट सर्दियों में शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।
अदरक
अदरक पाचन को ठीक करता है और शरीर को गर्माहट देता है। दूध में अदरक मिलाकर पीने से सर्दी-जुकाम और ठंड से जुड़े अन्य लक्षणों में आराम मिलता है।
केसर
केसर दूध में न केवल स्वाद और सुगंध बढ़ाता है, बल्कि यह रक्त संचार को भी बेहतर बनाता है और शरीर को ठंड से बचाता है। केसर वाला दूध त्वचा को भी निखारता है।
बादाम पाउडर
बादाम में विटामिन ई और प्रोटीन भरपूर मात्रा में होते हैं जो शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं। दूध में बादाम पाउडर मिलाकर पीने से सर्दियों में मांसपेशियां मजबूत होती हैं और शरीर को ताकत मिलती है।
दालचीनी
दालचीनी बैक्टीरिया और वायरस से लडऩे में बहुत असरदार है। दूध में इसे मिलाने से पाचन तेज होता है और शरीर को गर्माहट मिलती है।
अश्वगंधा
अश्वगंधा तनाव कम करता है, नींद अच्छी करता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाता है। सर्दियों में इसका सेवन शरीर को सर्दी से लडऩे की शक्ति देता है।
कैसे करें तैयार
एक गिलास गर्म दूध लें। इसमें ऊपर बताई गई चीजों में से एक या दो चीजें मिलाएं और इसे सोने से आधे घंटे पहले पिएं।